Star Health News: दिग्गज हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस को बीमा नियामक इरडा (IRDA) ने तगड़ा झटका दिया है। इरडा ने स्टार हेल्थ पर ₹2 करोड़ का जुर्माना लगाया है। बीमा कंपनी पर यह कार्रवाई इंश्योरेंस क्लेम को गलत तरीके से खारिज करने, पॉलिसी की शर्तों के विपरीत कटौती करने और पॉलिसीहोल्डर्स को क्लेम से जुड़े फैसलों के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं देने के चलते हुई है। इरडा के 20 नवंबर, 2026 के सर्कुलर के अनुसार यह आदेश 31 जनवरी से 11 फरवरी 2022 के बीच की गई जांच के बाद आया है। इसके बाद 4 दिसंबर 2024 को कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और 18 जून 2025 को व्यक्तिगत सुनवाई हुई।
जांच में क्या पाया IRDAI ने?
जांच के दौरान इरडा ने पाया कि स्टार हेल्थ ने कोविड-19 (COVID-19) क्लेम समेत कई हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम्स को बिना किसी ठोस आधार के खारिज कर दिया था।
जांच में यह भी सामने आया कि कंपनी ने कुछ ऐसे आधार पर क्लेम में कटौतियां कीं, जिनका पॉलिसी की शर्तों में कोई जिक्र ही नहीं था। इरडा के सर्कुलर के मुताबिक कई मामलों में तो पॉलिसीहोल्डर्स को पेमेंट तब मिला, जब इरडा ने कंपनी का ध्यान अनियमितताओं की तरफ ध्यान दिलाया।
इरडा ने यह भी जिक्र किया कि पॉलिसीहोल्डर्स को उन खास शर्तों के बारे में भी नहीं बताया गया, जिनके आधार पर उनके दावों को खारिज किया गया या उनमें कटौती की गई। इस वजह से पॉलिसीहोल्डर्स के पास कंपनी के फैसलों को चुनौती देने के लिए कोई उचित आधार नहीं बचा था।
2 मामलों में Star Health पर ₹2 करोड़ का जुर्माना
इरडा ने ₹2 करोड़ का जुर्माना दो अलग-अलग मामलों में लगाया है। इसमें से ₹1 करोड़ का जुर्माना तो इरडा (हेल्थ इंश्योरेंस) रेगुलेशंस, 2016 के रेगुलेशन 27(5) के उल्लंघन से जुड़ा है। वहीं बाकी ₹1 करोड़ का जुर्माना इरडा (थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर्स- हेल्थ सर्विसेज) रेगुलेशंस, 2016) के अन्य प्रावधानों के उल्लंघन पर लगाया गया है।
क्लेम सेटलमेंट लेटर में देनी होगी पूरी जानकारी
इरडा ने नेटवर्क हॉस्पिटल से मिले डिस्काउंट की जानकारी हॉस्पिटल के बिल में नहीं दिखाई देने और पॉलिसीहोल्डर्स को इसके बारे में नहीं बताने को लेकर स्टार हेल्थ को चेतावनी दी है। इरडा ने बीमा कंपनी को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया है कि क्लेम सेटलमेंट लेटर में पूरी डिटेल्स होनी चाहिए, जैसे कि- कितने क्लेम को अप्रूव किया गया, कितना खारिज किया गया, कौन-सा खर्च नहीं कवर है, डिस्काउंट कितना है और सम इंश्योर्ड में किसी भी प्रकार की कटौती। इसके अलावा इरडा ने बीमा कंपनी को इस बात के लिए भी चेतावनी दी है कि वह पॉलिसी रिन्यू कराने के लिए उसका प्रीमियम 90 दिन से भी ज्यादा पहले वसूल रही थी। इसके अलावा जिन लोहों ने शिकायत की, उन्हें इंश्योरेंस ओम्बड्समन की जानकारी नहीं देने के लिए भी स्टार हेल्थ को चेतावनी मिली है
इरडा का कहना है कि बीमा कंपनी ने सुधार से जुड़े कुछ कदम उठाए हैं, जिन्हें रिकॉर्ड पर ले लिया गया है। अब इरडा का आदेश कंपनी अपने बोर्ड के सामने रखेगी। कंपनी को एक (ATR) एक्शन टेकेन रिपोर्ट जमा करनी होगी, जिसमें कंपनी को बताना होगा कि इरडा के निर्देशों के बाद उसने क्या-क्या सुधार किए हैं।