Gold Price Today : भारत में सोने की कीमतें एक महीने के निचले स्तर पर पहुंच गईं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (Multi Commodity Exchange) यानी MCX पर शुक्रवार, 17 फरवरी को पीली धातु की कीमत गिरकर 55,920 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। वैश्विक स्तर पर भी सोना 1,835 डॉलर प्रति औंस के एक महीने के निचले स्तर पर आ गया। वहीं, स्पॉट गोल्ड (Spot gold) 0.3 फीसदी कमजोर होकर 1,832.42 डॉलर प्रति औंस रह गया। 2022 में दहाई अंकों में रिटर्न देने के बाद सोने में अचानक आई गिरावट इनवेस्टर्स की चिंता बढ़ा सकती है। जनवरी 2023 में भी सोना 3 फीसदी से ज्यादा मजबूत हुआ था।
सीएनबीसी टीवी18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सपर्ट्स ने कहा कि अमेरिका में जनवरी में महंगाई में बढ़ोतरी दर्ज की गई। कामा ज्वेलरी के एमडी कोलिन शाह ने कहा, “इससे आगे यूएस फेडरल रिजर्व द्वारा महंगाई काबू में करने के लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी की चिंताएं बढ़ गई हैं। इसके चलते डॉलर इंडेक्स भी 104 के स्तर पर पहुंच गया, जिससे डॉलर में सोना खरीदना महंगा हो गया है। अमेरिकी डॉलर में मजबूती और ऊंची ब्याज दरों के चलते सोना खरीदना कम आकर्षक हो गया है। भारत में भी महंगाई में बढ़ोतरी से आरबीआई के ब्याज दर बढ़ाने की आशंकाएं मजबूत हो गई है।”
इस रेंज में रह सकता है सोना
एक साल की अवधि के लिए शाह ने कहा कि महंगाई में कमी और केंद्रीय बैंक के दरों में बढ़ोतरी पर रोक के साथ सोने की कीमतें बढ़ने का अनुमान है। MCX पर सोना 56,800-57,200 रुपये प्रति 10 ग्राम की रेंज में ट्रेड कर सकता है। शाह ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर, कैलेंडर वर्ष के अंत तक यह 1960-80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच सकता है।”
एमके वेल्थ मैनेजमेंट (Emkay Wealth Management) के एक नोट में संकेत किए गए कि सोने की कीमतें नए स्तरों पर पहुंच सकती हैं। इसका मतलब है कि अचानक आई यह गिरावट अस्थायी रहनी चाहिए।
डिस्क्लेमरः यहां दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।