आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स (IRB Infrastructure Developers) का शेयर हफ्ते के पहले कारोबारी दिन आज 8 अगस्त को 6 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गया। कंपनी द्वारा 30 जून को समाप्त तिमाही के लिए कंसोलिडेटेड मुनाफा कई गुना बढ़कर 363.19 करोड़ रुपये हो जाने की वजह से आज बाजार में इस शेयर को हाथों-हाथ लिया गया। इसकी वजह से इस शेयर में तेजी नजर आई।
बीएसई पर ये शेयर 5.28 प्रतिशत बढ़कर 264 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ।
पहली तिमाही के दौरान कुल कंसोलिडेटेड आय बढ़कर 1,995.40 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले की पहली तिमाही में कंपनी की कंसोलिडेटेड आय 1,670.48 करोड़ रुपये रही थी। इतना ही नहीं जून तिमाही के दौरान कंपनी का खर्च घटकर 1,452 करोड़ रुपये रह गया। जबकि पिछले साल की पहली तिमाही में कंपनी का खर्च 1,529.73 करोड़ रुपये रहा था।
वित्त वर्ष 23 की पहली तिमाही में कंपनी की आय 18 प्रतिशत बढ़कर 1,925 करोड़ रुपये हो गई। जबकि पिछले साल की पहली तिमाही में कंपनी की आय 1,626 करोड़ रुपये रही थी।
वित्त वर्ष 23 की पहली तिमाही में कंपनी का EBITDA 50 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 1,061 करोड़ रुपये हो गया। जबकि पिछले साल की पहली तिमाही में कंपनी का EBITDA 701 करोड़ रुपये रहा था।
आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर के ग्रुप सीएफओ तुषार कावेडिया ने सीएनबीसी-टीवी18 से कहा “हमने अधिकांश प्रोजेक्ट्स में टैरिफ वृद्धि करते हुए इस तिमाही के लिए टोल कलेक्शन में अच्छा इजाफा देखा है। हमने इस तिमाही में लगभग 10 प्रतिशत की टैरिफ वृद्धि देखी है। टोल कलेक्शन में सालाना आधार पर लगभग 37 से 38 प्रतिशत का सुधार हुआ है। वॉल्यूम और टैरिफ दोनों में वृद्धि देखने को मिली है।" कावेडिया को उम्मीद है आने वाली तिमाहियों में भी टोल वॉल्यूम में इसी तरह की वृद्धि नजर आयेगी।
उन्होंने आगे कहा कि कंपनी को वित्त वर्ष 2023 के लिए टोल से होने वाली आय 2,100 करोड़ रुपये हो सकती है। उन्होंने ये भी कहा कि कंस्ट्रक्शन से होने वाली आय 4,000-5000 करोड़ रुपये होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, "2019-2020 के आय के आंकड़े फिर से दिखाई दे सकते हैं।"
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)