Israel-Hamas War: इजराइल और हमास के बीच भीषण जंग जारी है। ऐसे में वहां रह रहे भारतीय नागरिक काफी चिंतित हैं। इस बीच भारत की ओर से शुरू किए गए ऑपरेशन अजय के तहत भारतीयों की सकुशनल वतन वापसी हो रही है। इजराइल से पहला जत्था शुक्रवार को भारत आया था। आज शनिवार को दूसरी फ्लाइट से भारतीय लोग इजरराइल से आए हैं। दूसरी फ्लाइट में 235 लोग सवार थे। नागरिकों के स्वागत के लिए विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। ऑपरेशन अजय के तहत अब तक 447 भारतीयों की इजरायल से निकासी हुई है।
इजराइल से भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए एयर इंडिया की दूसरी फ्लाइट शुक्रवार की शाम करीब 5.35 बजे तेल अवीव के उड़ान भरी थी। इजराइल में करीब 18000 भारतीय फंसे हुए हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा था कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए वो प्रतिबद्ध हैं।
शनिवार को भी जारी रहेगा ऑपरेशन
इजरायल में मौजूद भारतीय दूतावास ने बताया है कि शनिवार (14 अक्टूबर) को भी भारतीय नागरिकों की निकासी प्रक्रिया जारी रहेगी। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'दूतावास ने आज विशेष उड़ान के लिए रजिस्टर्ड भारतीय नागरिकों के अगले बैच को ईमेल कर दिया है। बाद की उड़ानों के लिए अन्य रजिस्टर्ड लोगों को संदेश भेजा जाएगा। यात्रियों का चयन 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर किया जा रहा है। इसके लिए यात्रियों को दूतावास के डाटाबेस में अपनी जानकारी फीड करवानी होती है। बता दें कि आतंकियों के समूह हमास ने 7 अक्टूबर को इजराइल पर कई रॉकेट दागे। जवाब में इजराइल भी गाजा पर बमबारी कर रहा है। हमास आतंकी समह और इजराइल के बीच 7 दिन से जंग जारी है।
इजराइल में कितने भारतीय रहते हैं?
इजराइल में रहने वाले भारतीयों की तादाद 18000 है। इनमें से ज्यादातर छात्र, आईटी प्रोफेशनल्स, हीरा व्यापारी शामिल हैं। भारत लौट रहे लोगों को वापस लाने का खर्चा खुद सरकार उठा रही है। भारतीय नागरिकों की स्वदेश वापसी की जरूरत इसलिए पड़ी, क्योंकि हमास ने गाजा पट्टी की तरफ से इजराइल पर हमला बोल दिया है। इजराइल से ऊपर न सिर्फ मिसाइलों से हमला किया गया, बल्कि जमीनी घुसपैठ भी की गई है।