UAE (संयुक्त अरब अमीरात) और दूसरे खाड़ी इलाकों में ईरान ने मिसाइल हमले किए हैं। इसके बाद दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। इसके कारण भारत से यूरोप और नॉर्थ अमेरिका के लिए हवाई किराया तेजी से बढ़ गया है। सीमित नॉन-स्टॉप सीटों के लिए मारामारी मच गई है। महत्वपूर्ण ग्लोबल ट्रांजिट हब माने जाने वाले दुबई में ऑपरेशंस बंद होने से भारतीय यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। यात्रियों को वेस्टर्न डेस्टिनेशंस के लिए सीधी फ्लाइट पाने के लिए मुकाबला करना पड़ रहा है और टिकट की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं।
भारतीय यात्री अक्सर कम किराए और ज्यादा उपलब्धता की वजह से गल्फ हब्स के जरिए वन-स्टॉप कनेक्शन पर निर्भर रहते हैं। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट दोनों के बंद होने से यह मॉडल बुरी तरह से रुक गया है। दुबई इंटरनेशनल दुनिया का सबसे व्यस्त इंटरनेशनल ट्रांजिंट एयरपोर्ट माना जाता है। इस शटडाउन का असर दुनिया भर के फ्लाइट नेटवर्क पर पड़ा है।
28 फरवरी 2026 को इजराइल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ खुली जंग का ऐलान करते हुए एयर स्ट्राइक की। कुछ ही घंटों में ईरान ने भी जवाब देते हुए मिसाइल और ड्रोन से इजराइल पर हमले कर दिए। ईरान ने मध्यपूर्व के आधा दर्जन से ज्यादा देशों पर भी हमले किए हैं।
दिल्ली से लंदन की नॉन-स्टॉप फ्लाइट का किराया दोगुने से भी ज्यादा
2 मार्च, 2026 के लिए दिल्ली से लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट के लिए एयर इंडिया की नॉन-स्टॉप फ्लाइट में एक इकॉनमी क्लास सीट की कीमत शनिवार को 156500 रुपये थी। यह इसके आम किराए से दोगुने से भी ज्यादा है। उसी रूट और तारीख के लिए वर्जिन अटलांटिक पर एक ऐसी ही इकॉनमी टिकट 231000 रुपये में बिक रही थी। ये कीमतें इस रूट पर आम तौर पर लिए जाने वाले बिजनेस-क्लास किराए के लेवल के करीब पहुंच रही हैं। इसके उलट, कुछ दिन बाद जाने वाली फ्लाइट्स के लिए इकॉनमी क्लास का किराया 50,000 से 80,000 रुपये के बीच है। इससे पता चलता है कि यह बढ़ोतरी तुरंत ट्रैवल की डिमांड की वजह से हो रही है।
प्रीमियम केबिन में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है। 2 मार्च को मुंबई से लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट के लिए एयर इंडिया की नॉन-स्टॉप फ़्लाइट में फर्स्ट-क्लास सीट का किराया 611,000 रुपये था, जबकि इसका आम किराया लगभग 400,000 रुपये है। इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि हवाई टिकट की कीमतें अभी भी ऊपर-नीचे हो रही हैं और इलाके में एयरस्पेस को लेकर आगे के फैसले के आधार पर इसमें और बढ़ोतरी हो सकती है।
फ्लाइट कैंसिलेशन और अनिश्चितता
28 फरवरी को देर रात एयर इंडिया ने कहा कि उसने दिल्ली, मुंबई और अमृतसर से लंदन, न्यूयॉर्क, नेवार्क, शिकागो, वियना और फ्रैंकफर्ट जैसी जगहों के लिए 11 इंटरनेशनल फ्लाइट कैंसिल कर दी हैं। इनमें से कई आमतौर पर मिडिल ईस्टर्न एयरस्पेस से होकर जाती हैं। उड़ानों पर पाबंदियां कब हटेंगी, इस पर अभी अनिश्चितता बनी हुई है। खाड़ी की एयरलाइंस अभी भी 2 मार्च को भारत से यूरोप जाने वाली फ्लाइट्स के लिए अपने हब्स के जरिए वन-स्टॉप कनेक्शन के साथ टिकट दे रही थीं। इनमें एमिरेट्स, कतर एयरवेज, ओमान एयर और सउदिया की फ्लाइट्स शामिल थीं।