ITR Filing 2026: कई लोग इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करने को सिर्फ एक जरूरी औपचारिकता मानते हैं। उन्हें लगता है कि टैक्स भर दिया तो काम खत्म हो गया। लेकिन ITR सिर्फ टैक्स से जुड़ा दस्तावेज नहीं है। यह आपकी आय और वित्तीय स्थिति का आधिकारिक रिकॉर्ड भी होता है। यही वजह है कि समय पर ITR फाइल करना आगे चलकर कई कामों को आसान बना सकता है।
1. लोन लेने में होती है आसानी
अगर आप होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन के लिए आवेदन करते हैं, तो बैंक आपकी कमाई और कर्ज चुकाने की क्षमता को जांचते हैं। इसके लिए अक्सर पिछले तीन साल के ITR मांगे जाते हैं। नियमित ITR रिकॉर्ड होने पर बैंक को आपकी वित्तीय स्थिति समझने में आसानी होती है और लोन मंजूर होने की संभावना बढ़ जाती है।
2. वीजा मिलने में मिलती है मदद
अगर आप विदेश घूमने, पढ़ाई करने या नौकरी के लिए जाना चाहते हैं, तो ITR आपके काम आ सकता है। कई देशों के दूतावास और वाणिज्य दूतावास वीजा देने से पहले आपकी वित्तीय स्थिति की जांच करते हैं। ITR आपकी आय का आधिकारिक सबूत होता है, जिससे यह साबित होता है कि आपकी आर्थिक स्थिति स्थिर है।
3. ज्यादा कटा TDS वापस पाने का तरीका
कई बार सैलरी, फिक्स्ड डिपॉजिट के ब्याज या फ्रीलांस काम से हुई कमाई पर जरूरत से ज्यादा TDS कट जाता है। अगर आप यह अतिरिक्त पैसा वापस पाना चाहते हैं, तो ITR फाइल करना जरूरी है। बिना रिटर्न भरे टैक्स रिफंड नहीं मिलता।
4. नुकसान का फायदा आगे भी मिल सकता है
अगर आपको शेयर बाजार में नुकसान हुआ है या कारोबार में घाटा हुआ है, तो टैक्स नियम आपको इस नुकसान को भविष्य के मुनाफे के साथ एडजस्ट करने की अनुमति देते हैं। लेकिन यह सुविधा तभी मिलती है, जब आप तय समय सीमा के भीतर ITR फाइल करें। समय पर रिटर्न न भरने पर यह फायदा नहीं मिल पाता।
5. बड़ी बीमा पॉलिसी लेने में होती है मदद
आजकल कई लोग अपने परिवार की सुरक्षा के लिए 50 लाख रुपये या उससे ज्यादा की टर्म इंश्योरेंस या लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी लेते हैं। ऐसी पॉलिसी जारी करने से पहले बीमा कंपनियां आपकी आय की जांच करती हैं। ITR इस बात का सबूत होता है कि आपकी कमाई कितनी है और आप कितना प्रीमियम भर सकते हैं।
सिर्फ टैक्स नहीं, आपकी वित्तीय पहचान भी
ITR फाइल करना सिर्फ कानून का पालन करना नहीं है। यह आपकी वित्तीय प्रोफाइल को मजबूत बनाता है। भविष्य में लोन, वीजा, टैक्स रिफंड और बीमा जैसी जरूरतों के समय काम आता है। इसलिए भले ही आपकी टैक्स देनदारी कम हो, नियमित रूप से ITR फाइल करना लंबे समय में फायदेमंद साबित हो सकता है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।