ITR Filing 2026: इनकम टैक्स रिटर्न भरते समय न करें यह एक चूक, वरना सीधे घर आएगा टैक्स नोटिस!
ITR Filing 2026: आज के डिजिटल टैक्स सिस्टम में सिर्फ कमाई का हिसाब लगाना और टैक्स छूट का दावा करना काफी नहीं है। अपनी जानकारियों का इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के पास मौजूद डेटा से मिलान करना सबसे महत्वपूर्ण कदम बन गया है। टैक्स एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अगर आपके द्वारा दाखिल किए गए दावों और सरकारी रिकॉर्ड के डेटा में जरा सा भी मिसमैच मिला, तो सीधे टैक्स नोटिस आ सकता है
आज कल आने वाले अधिकांश टैक्स नोटिस टैक्स चोरी की वजह से नहीं, बल्कि 'डेटा मिसमैच' के कारण आ रहे हैं
ITR Reconciliation Tips: जब भी इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करने का समय आता है, तो अधिकांश टैक्सपेयर्स का पूरा ध्यान सिर्फ दो ही चीजों पर होता है अपनी कुल कमाई का हिसाब लगाना और टैक्स छूट का दावा करना। लेकिन आज के डिजिटल और हाई-टेक टैक्स सिस्टम में एक और ऐसा कदम है, जो उतना ही जरूरी हो गया है। वह है आपके द्वारा दी गई जानकारियों का इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के पास पहले से मौजूद डेटा से मिलान करना।
एक रिपोर्ट में डायरेक्ट टैक्स फर्म 'भूता शाह एंड कंपनी एलएलपी' के पार्टनर राजीव ठक्कर के ने बताया कि, रिटर्न दाखिल करने से पहले डेटा मिलान और समाधान करना अब टैक्स कंप्लायंस का सबसे क्रिटिकल हिस्सा बन चुका है। अगर आपके दावों और सरकारी रिकॉर्ड में जरा सा भी अंतर पाया गया, तो बिना किसी देरी के आपके पास सीधे नोटिस आ सकता है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि इस बार आईटीआर (AY 2026-27) भरते समय आपको किस बात का सबसे खास ख्याल रखना है।
AI और मशीन लर्निंग के रडार पर है आपका एक-एक ट्रांजैक्शन
अब वो जमाना चला गया जब टैक्स अधिकारी मैन्युअली आपकी फाइलें चेक करते थे। टैक्स डिपार्टमेंट का पूरा ढांचा अब पूरी तरह बदल चुका है। टैक्स एडमिनिस्ट्रेशन अब पूरी तरह टेक्नोलॉजी-ड्रिवन और डेटा-सेंट्रिक हो चुका है, जिसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) जैसी आधुनिक तकनीकों से कंट्रोल किया जा रहा है।
आप बैंक में कितना पैसा जमा कर रहे हैं, कहां निवेश कर रहे हैं या कौन सी प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं, इन सबकी जानकारी अलग-अलग एजेंसियां सीधे टैक्स विभाग को भेज रही हैं।
इन सोर्सेज से डेटा जुटा रहा है इनकम टैक्स डिपार्टमेंट
टैक्स विभाग के पास आपकी वित्तीय कुंडली कई अलग-अलग रास्तों से पहुंच रही है, जिसमें शामिल हैं:
AIS और TIS: एनुअल इंफॉर्मेशन स्टेटमेंट (AIS) और टैक्सपेयर इंफॉर्मेशन समरी(TIS)।
Form 26AS: आपके द्वारा चुकाया गया और काटा गया टैक्स।
अन्य रिकॉर्ड्स: टीडीएस (TDS) रिटर्न, जीएसटी (GST) रिकॉर्ड, प्रॉपर्टी के बड़े ट्रांजैक्शन और अन्य फाइनेंशियल रिपोर्टिंग सिस्टम।
राजीव ठक्कर बताते हैं कि आज के समय में आने वाले अधिकांश टैक्स नोटिस टैक्स चोरी की वजह से नहीं, बल्कि 'डेटा मिसमैच' के कारण आ रहे हैं।
ITR फाइल करने से पहले खुद करें यह जरूरी 'क्रॉस-चेक'
किसी भी तरह के ऑटोमेटेड अलर्ट या टैक्स क्वेरी से बचने के लिए रिटर्न सबमिट करने से पहले नीचे दिए गए दस्तावेजों का अपने बैंक स्टेटमेंट से मिलान जरूर कर लें:
दस्तावेजों का मिलान: अपने बैंक स्टेटमेंट, इन्वेस्टमेंट पेपर्स और ब्रोकर रिपोर्ट्स को सामने रखें।
AIS, TIS और Form 26AS की समीक्षा: इन्हें अपने टैक्स पोर्टल से डाउनलोड करें और चेक करें कि इनमें दिखाई गई आपकी ब्याज से कमाई, डिविडेंड और कैपिटल गेन्स की एंट्री आपके ओरिजिनल रिकॉर्ड से मैच कर रही है या नहीं।
TDS का हिसाब: यह भी सुनिश्चित करें कि जो टैक्स आपका कटा (TDS) है, वह सरकारी रिकॉर्ड में सही-सही दर्ज दिख रहा हो।
AIS में दिख रहे ट्रांजैक्शन को न करें इग्नोर
अगर आपके AIS या फॉर्म 26AS में कोई ऐसा ट्रांजैक्शन दिख रहा है जो आपको लगता है कि गलत है या उस पर टैक्स नहीं बनता, तो भी उसे पूरी तरह नजरअंदाज न करें। टैक्स विभाग के रिकॉर्ड में दर्ज हर बड़े लेनदेन को अपने आईटीआर में उचित तरीके से दिखाएं। जहां भी जरूरत हो, उस ट्रांजैक्शन के टैक्स ट्रीटमेंट की व्याख्या करें और अपने दावों के समर्थन में सभी जरूरी डाक्यूमेंट्स को संभालकर रखें।
कुल मिलाकर रिटर्न भरने से पहले किया गया थोड़ा सा रीकॉन्सिलिएशन यानी डेटा का मिलान आपको भविष्य के बड़े विवादों और मानसिक परेशानी से बचा सकता है। इससे न सिर्फ आपको नोटिस मिलने का खतरा खत्म हो जाता है, बल्कि किसी नोटिस का आप विधिवत जवाब देने में भी सक्षम हो पाते है। आज के समय में डेटा मिलान करना सिर्फ एक अच्छी आदत नहीं, बल्कि सही तरीके से आईटीआर फाइल करने की एक अनिवार्य शर्त बन चुका है।