बड़ौदा के रहने वाले 26 साल के कॉमर्स ग्रेजुएट जुगल मेहता ने 2022 में एक बड़े सरकारी बैंक में प्रॉबेशनरी अफसर के पोस्ट के लिए अप्लाई किया था। लेकिन, उनका अप्लिकेशन उनके खराब क्रेडिट स्कोर की वजह से रिजेक्ट कर दिया गया। उन्होंने कुछ क्रेडिट कार्ड्स पेमेंट पर डिफॉल्ट किया था। यह सिर्फ मेहता का अकेला मामला नहीं है। कई युवाओं को इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा है। TeamLease Degree Apprenticeship के वाइस प्रेसिडेंट धृति प्रसन्ना महंता ने कहा कि सरकारी बैंकों के लिए एंप्लॉयीज का रिक्रूटमेंट करने वाले IBPS ने क्लर्क और प्रॉबेशनरी अफसर के पोस्ट के लिए अप्लाई करने के वास्ते कम से कम 650 क्रेडिट स्कोर की शर्त तय की है। उन्होंने बताया कि बैंक एंप्लॉयीज को सेंसेटिव फाइनेंशियल इंफॉर्मेशन को हैंडल करना पड़ता है, जिससे फाइनेंशियल कंडक्ट के मामले में उनका ट्रैक रिकॉर्ड अच्छा होना जरूरी है।
