नई कंपनी ज्वाइन करने से पहले उसके बारे में जरूरी बातें जान लेना जरूरी है। खासकर उसकी वित्तीय स्थिति, मैनेजमेंट और लीडरशिप के बारे में जान लेना फायदेमंद है। कई बार एंप्लॉयी ज्यादा पैकेज के लिए जॉब करते हैं। लेकिन, नई कंपनी ज्वाइन करने के बाद उन्हें पता चलता है कि कंपनी की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं है। अब आप घर बैठे ऑनलाइन किसी कंपनी की कुंडली निकाल सकते हैं। आप सिर्फ 449 रुपये की फीस चुकाकर किसी कंपनी के बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं।
कंपनी की वेबसाइट पर कुछ जानकारियां फ्री में उपलब्ध
Probe42 भारत में रजिस्टर्ड कंपनियों के बारे में कई तरह का जानकारियां ऑफर करती है। बेंगलुरु की यह कंपनी किसी कंपनी की वित्तीय जानकारी, उसके मैनेजमेंट, उसके बिजनेस सहित कई जानकारियां अपने क्लाइंट्स को उपलब्ध कराती है। कंपनी की वेबसाइट पर कुछ जानकारियां फ्री उपलब्ध हैं। कुछ जानकारियों के लिए फीस चुकानी पड़ती है।
देश के 25 बड़े बैंक कर रहे सर्विसेज का इस्तेमाल
देश के कई बड़े बैंक और उनके डिपार्टमेंट्स प्रोब42 की सेवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित देश के 25 बड़े बैंक शामिल हैं। बैंक किसी कंपनी को लोन देने से पहले उसका क्रेडिट एसेसमेंट, फाइनेंशियल स्टेटस और मैनेजमेंट के बारे में जानकारी हासिल करते हैं। वे अपने पैसे की सुरक्षा के लिए ऐसा करते हैं। किसी गलत या फर्जी कंपनी को दिया गया लोन डूब सकता है।
एंप्लॉयी नई कंपनी ज्वाइन करने से पहले उसके बारे में पता कर सकता है
एंप्लॉयी और इनवेस्टर भी किसी कंपनी को ज्वाइन करने या उसमें निवेश करने से पहले उसके बारे में पूरी जानकारी प्रोब42 से हासिल कर सकते हैं। इससे आगे किसी तरह की दिक्कत की आशंका नहीं रह जाती है। खासकर कंपनी की वित्तीय स्थिति की जानकारी मिल जाने पर एंप्लॉयी या इनवेस्टर आश्वस्त हो जाता है।
कंपनी का अब रिटेल कस्टमर्स को भी सेवाएं उपलब्ध करा रही है
कंपनी के चीफ एग्जिक्यूटिव अफसर प्रह्लाद कृष्णमूर्ति ने बताया कि कंपनी का फोकस अब तक बी2बी कस्टमर्स पर रहा है। लेकिन, अब कंपनी रिटेल कस्टमर्स को भी टारगेट कर रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी की पूरी सर्विस ऑनलाइन है। ग्राहक घर बैठे प्रोब42 के जरिए किसी कंपनी के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर सकता है। ये सभी जानकारियां सरकार की अलग-अलग वेबसाइट से जुटाई जाती हैं, जिन्हें कंप्लायंस के तहत कंपनी ने फाइल किया होता है।