LIC Mutual Fund: FD से ज्यादा रिटर्न और LIC का भरोसा! बिना बड़े जोखिम के पैसा बढ़ाने वाली 4 शानदार स्कीम्स
LIC Mutual Fund Low Risk Schemes: बैंक एफडी के लिमिटेड ब्याज से थक चुके हैं? LIC Mutual Fund आपके लिए लाया है 4 ऐसी लो-रिस्क स्कीम्स, जो आपके पैसे को एकदम सुरक्षित रखते हुए बैंक FD से 1.5% से 3% तक ज्यादा रिटर्न दे सकती हैं। जानिए कौन सी स्कीम आपकी बचत और कमाई के लिए सबसे बेस्ट रहेगी
बढ़ती महंगाई के इस दौर में सिर्फ FD के भरोसे बैठे रहना आपकी बचत की असली वैल्यू को कम कर सकता है
LIC Mutual Fund Low Risk Schemes: भारतीय निवेशकों के लिए 'सुरक्षा' और 'LIC' लगभग एक-दूसरे के पर्याय हैं। जब भी मेहनत की कमाई निवेश करने की बात आती है, तो ज्यादातर लोग बिना किसी जोखिम के फिक्स्ड डिपॉजिट यानी बैंक FD का रास्ता चुनते हैं। लेकिन बढ़ती महंगाई के इस दौर में सिर्फ FD के भरोसे बैठे रहना आपकी बचत की असली वैल्यू को कम कर सकता है।
ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि आपका पैसा सुरक्षित भी रहे और उस पर FD से 1.5% से 3% तक ज्यादा रिटर्न भी मिले, तो LIC Mutual Fund की लो-रिस्क स्कीम्स आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती हैं।
शेयर बाजार के बड़े उतार-चढ़ाव से दूर, LIC म्यूचुअल फंड की ये 4 खास स्कीम्स उन निवेशकों के लिए डिजाइन की गई हैं, जो कम जोखिम में अपनी वेल्थ को स्थिर रफ्तार से बढ़ाना चाहते हैं। आइए इन चारों स्कीम्स को विस्तार से समझते हैं:
1. LIC MF Banking & PSU Debt Fund: सुरक्षा की पक्की गारंटी
अगर आपको अपने पैसे पर बिल्कुल भी रिस्क नहीं लेना है, तो यह फंड आपके लिए है। जैसा कि नाम से पता चलता है, यह फंड निवेशकों का पैसा मुख्य रूप से सरकारी कंपनियों (PSUs), देश के सबसे मजबूत बैंकों और रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी किए गए सुरक्षित बॉन्ड्स में लगाता है।
इसका उद्देश्य पूंजी की सुरक्षा के साथ-साथ स्थिर रिटर्न देना है। इसमें शेयर बाजार का कोई दखल नहीं होता। जो निवेशक 1 से 3 साल के लिए अपना पैसा निवेश करना चाहते हैं और बैंक एफडी का एक सुरक्षित और बेहतर विकल्प खोज रहे हैं उनके लिए ये बढ़िया स्कीम है।
2. LIC MF Savings Fund: छोटी अवधि के लिए बैंक खाते से बेहतर विकल्प
अक्सर हमारे बैंक बचत खाते में काफी पैसा पड़ा रहता है, जिस पर बमुश्किल 3-4% का ब्याज मिलता है। LIC MF सेविंग्स फंड एक लो-ड्यूरेशन डेट फंड है, जो कम अवधि के सुरक्षित कॉरपोरेट बॉन्ड्स और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स में पैसा लगाता है।
यह फंड लिक्विडिटी यानी पैसे निकालने की आजादी और बेहतर यील्ड के बीच एक शानदार संतुलन बनाता है। अगर आप 6 महीने से 2 साल तक के लिए अपना पैसा कहीं पार्क करना चाहते हैं, तो यह सेविंग्स अकाउंट और छोटी अवधि की FD से कहीं ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है।
3. LIC MF Arbitrage Fund: बिना रिस्क के शेयर बाजार और टैक्स में फायदा
यह फंड एक बेहद स्मार्ट रणनीति पर काम करता है। यह शेयर बाजार में सीधे निवेश करने के बजाय कैश मार्केट और फ्यूचर्स मार्केट के बीच के 'प्राइस डिफरेंस' का फायदा उठाकर मुनाफा कमाता है।
बाजार चाहे ऊपर जाए या नीचे, इस फंड में नुकसान होने की गुंजाइश लगभग शून्य होती है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका 'टैक्स बेनिफिट' है। डेट फंड जैसा सुरक्षित होने के बावजूद, इनकम टैक्स के नियमों के तहत इसे 'इक्विटी फंड' माना जाता है, जिससे इस पर टैक्स कम लगता है और आपका नेट रिटर्न FD से ज्यादा हो जाता है। जो लोग 3 महीने से 1 साल के लिए पैसा लगाना चाहते हैं और हाई टैक्स ब्रैकेट (30% स्लैब) में आते हैं ये स्कीम उनके लिए बढ़िया ऑप्शन है।
4. LIC MF Conservative Hybrid Fund: लंबी रेस के घोड़ों के लिए
अगर आप महंगाई को मात देने वाला रिटर्न चाहते हैं, तो पोर्टफोलियो में थोड़ा इक्विटी का तड़का होना जरूरी है। यह फंड आपके कुल निवेश का 75-80% हिस्सा एकदम सुरक्षित बॉन्ड्स में रखता है, ताकि पूंजी सुरक्षित रहे। वहीं, बाकी 20-25% हिस्सा शेयर बाजार के दिग्गज ब्लूचिप शेयरों में लगाया जाता है।
डेट और इक्विटी का यह कॉम्बिनेशन लंबी अवधि में शानदार काम करता है। शेयर बाजार के हिस्से के कारण इसमें थोड़ा उतार-चढ़ाव आ सकता है, लेकिन लॉन्ग टर्म में यह FD को बहुत आसानी से पीछे छोड़ देता है। अगर आप अपने निवेश को 3 से 5 साल या उससे अधिक का समय दे सकते हैं, तो यह फंड आपके पोर्टफोलियो का सबसे मजबूत पिलर बन सकता है।
किन बातों का रखें ध्यान?
एक्सपर्ट का मानना है कि, अगर आप इन फंड्स में निवेश की शुरुआत करना चाहते हैं, तो किसी भी फंड में एकमुश्त रकम डालने के बजाय सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) का रास्ता चुनना ज्यादा बेहतर होता हैं। एक तरफ जहां बैंक एफडी में पैसा लॉक हो जाता है और समय से पहले निकालने पर पेनल्टी लगती है, जबकि इन म्यूचुअल फंड्स में आपका पैसा न सिर्फ सुरक्षित रहता है, बल्कि आपको जब जरूरत हो, आप आसानी से पैसा निकाल भी सकते हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।