LIC के 4 पेंशन प्लान, रिटायरमेंट के बाद भी होगी नियमित कमाई; क्या आपको करना चाहिए निवेश?

LIC के कई पेंशन प्लान रिटायरमेंट के बाद रेगुलर इनकम का विकल्प देते हैं। लेकिन, इन प्लान में निवेश से पहले उनके रिटर्न, जोखिम और फायदे समझना जरूरी है। वरना फायदे से ज्यादा नुकसान भी हो सकता है। जानिए पूरी डिटेल।

अपडेटेड May 11, 2026 पर 4:25 PM
Story continues below Advertisement
LIC के कई पेंशन प्लान लंबे समय से काफी लोकप्रिय माने जाते हैं।

रिटायरमेंट के बाद सबसे बड़ी चिंता अक्सर नियमित कमाई को लेकर होती है। नौकरी या बिजनेस से होने वाली मंथली इनकम बंद होने के बाद लोगों को यह डर सताने लगता है कि हर महीने खर्च कैसे चलेंगे। इसी वजह से पिछले कुछ वर्षों में पेंशन प्लान्स को लेकर लोगों की दिलचस्पी काफी बढ़ी है।

सरकारी कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया यानी LIC के कई पेंशन प्लान लंबे समय से काफी लोकप्रिय माने जाते हैं। खासकर ऐसे लोग, जो शेयर बाजार के जोखिम से दूर रहना चाहते हैं और रिटायरमेंट के बाद हर महीने तय रकम की नियमित आय चाहते हैं, वे अक्सर LIC के पेंशन प्लान्स की तरफ देखते हैं।

हालांकि सिर्फ ‘हर महीने पैसा मिलेगा’ सुनकर निवेश करना सही फैसला नहीं माना जाता। किसी भी पेंशन प्लान में पैसा लगाने से पहले यह समझना जरूरी है कि वह कैसे काम करता है, उसमें कितना रिटर्न मिल सकता है, उसके फायदे और सीमाएं क्या हैं और वह आपके लिए सही है या नहीं।


पेंशन प्लान क्या होता है

पेंशन प्लान ऐसा निवेश या बीमा उत्पाद होता है, जिसमें व्यक्ति कामकाजी उम्र में पैसा जमा करता है और रिटायरमेंट के बाद उसे नियमित आय मिलती है। इसे एन्युटी इनकम भी कहा जाता है।

कुछ प्लान में एकमुश्त निवेश करना पड़ता है, जबकि कुछ में लंबे समय तक प्रीमियम जमा करना होता है। रिटायरमेंट के बाद कंपनी हर महीने, तिमाही, छह महीने या सालाना आधार पर तय रकम देती है। LIC के कई प्लान्स में जीवनभर पेंशन मिलने का विकल्प भी मिलता है।

LIC के 4 लोकप्रिय पेंशन प्लान

LIC Jeevan Akshay VII : यह इमीडिएट एन्युटी प्लान है। इसमें एकमुश्त रकम निवेश करनी होती है और उसके बाद तुरंत पेंशन शुरू हो सकती है। इस प्लान में जीवनभर तय पेंशन मिलने का विकल्प मिलता है। इसमें सिंगल लाइफ और जॉइंट लाइफ दोनों तरह के विकल्प मौजूद हैं। सिंगल लाइफ का मतलब सिर्फ पॉलिसी होल्डर और जॉइंट लाफ में पति-पत्नी दोनों आते हैं। यह प्लान खासतौर पर उन लोगों के बीच लोकप्रिय है, जो रिटायरमेंट के तुरंत बाद नियमित आय चाहते हैं।

LIC New Jeevan Shanti : ये डेफर्ड एन्युटी प्लान है। इसमें एकमुश्त निवेश होता है, लेकिन पेंशन कुछ साल बाद शुरू होती है। इस प्लान में निवेश के समय ही फ्यूचर पेंशन रेट लॉक हो जाती है। इसमें सिंगल लाइफ और जॉइंट लाइफ एन्युटी दोनों विकल्प मिलते हैं। यह प्लान उन लोगों के लिए उपयोगी माना जाता है, जो अभी काम कर रहे हैं और भविष्य के लिए पेंशन सुरक्षित करना चाहते हैं।

LIC Saral Pension : यह स्टैंडर्ड इमीडिएट एन्युटी प्लान है, जिसे आसान और कम जटिल पेंशन प्रोडक्ट के तौर पर बनाया गया है। इसमें एकमुश्त निवेश के बदले जीवनभर पेंशन मिलती है। इस योजना में पति-पत्नी दोनों के लिए संयुक्त पेंशन का विकल्प भी मिलता है। यह प्लान उन लोगों के बीच लोकप्रिय है, जो सरल और कम जोखिम वाला पेंशन विकल्प चाहते हैं।

LIC New Pension Plus : यह यूनिट लिंक्ड पेंशन प्लान है। इसमें निवेश का एक हिस्सा बाजार से जुड़े फंड्स में लगाया जाता है। इसलिए इसमें रिटर्न बाजार के प्रदर्शन पर निर्भर करता है। यह प्लान लंबी अवधि में बड़ा रिटायरमेंट कॉर्पस बनाने पर फोकस करता है। इसमें अलग-अलग फंड ऑप्शंस और स्विचिंग की सुविधा भी मिलती है। यह योजना उन लोगों के लिए बेहतर मानी जाती है, जो रिटायरमेंट के लिए लंबी अवधि तक निवेश करना चाहते हैं और थोड़ा जोखिम लेने के लिए तैयार हैं।

LIC के प्लान में कितनी पेंशन मिलेगी

पेंशन की रकम पूरी तरह से प्लान और आपके निवेश पर निर्भर करती है। अब मान लीजिए कि किसी व्यक्ति की उम्र 60 साल है और उसने LIC के इमीडिएट एन्युटी या पेंशन प्लान में एकमुश्त पैसा जमा किया। अगर वह ₹10 लाख लगाता है, तो उसे लगभग ₹5,000 से ₹7,000 महीना, ₹25 लाख पर करीब ₹13,000 से ₹17,000 महीना और ₹1 करोड़ जमा करने पर लगभग ₹55,000 से ₹70,000 तक लाइफ टाइम फिक्स्ड पेंशन मिल सकती है।

यह रकम चुने गए ऑप्शन और उम्र पर निर्भर करती है। LIC इसमें FD की तरह सिर्फ ब्याज नहीं देती, बल्कि मूल पैसा, ब्याज और व्यक्ति की एक्सपेक्टेड लाइफ को मिलाकर एन्युटी तय करती है। इसी वजह से ज्यादा उम्र वालों को पैसा थोड़ा ज्यादा मिलता है, क्योंकि पैसे देने का समय तुलनात्मक तौर पर कम माना जाता है।

उदाहरण के तौर पर 40 साल का व्यक्ति ₹10 लाख जमा करे तो उसे शायद ₹4-5 हजार महीना मिले। वहीं, 70 साल की उम्र में वही रकम लगाने पर ₹8-9 हजार महीना तक मिल सकता है। यही कारण है कि कई बुजुर्ग लोग जमीन बेचने, रिटायरमेंट फंड या FD मैच्योरिटी का पैसा ऐसे प्लान में डाल देते हैं, ताकि जिंदगी भर हर महीने एक तय इनकम आती रहे और पैसे खत्म होने की चिंता कम हो जाए।

क्या इसमें बहुत ज्यादा रिटर्न मिलता है?

यहां सबसे जरूरी बात समझने वाली है। LIC के पेंशन प्लान आमतौर पर बहुत ज्यादा रिटर्न देने के लिए नहीं जाने जाते। कई फाइनेंशियल एक्सपर्ट मानते हैं कि इन योजनाओं में मिलने वाला इफेक्टिव रिटर्न कई बार दूसरे निवेश विकल्पों के मुकाबले कम हो सकता है। खासकर अगर इंफ्लेशन यानी महंगाई को ध्यान में रखा जाए, तो भविष्य में पेंशन की वास्तविक ताकत घट सकती है।

उदाहरण के तौर पर, अगर आज मिलने वाली 20,000 रुपये मासिक पेंशन 20 साल बाद भी उतनी ही रहे, तो महंगाई की वजह से उसकी खरीद क्षमता काफी कम हो सकती है।

फिर लोग निवेश क्यों करते हैं

कम रिटर्न के बावजूद कई लोग LIC पेंशन प्लान चुनते हैं क्योंकि उनका मुख्य लक्ष्य ‘उच्च रिटर्न’ नहीं, बल्कि ‘निश्चित आय’ होता है। रिटायरमेंट के बाद हर महीने तय पैसा मिलना, बाजार के उतार-चढ़ाव से बचना, पूंजी सुरक्षा और परिवार के लिए स्थिरता कई लोगों के लिए ज्यादा महत्वपूर्ण होती है। खासतौर पर ऐसे लोग, जिन्हें नियमित कैश फ्लो चाहिए और जोखिम लेने की क्षमता कम है, वे ऐसे प्लान पसंद करते हैं।

क्या सिर्फ LIC पेंशन प्लान पर निर्भर रहना सही है?

अधिकांश एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि रिटायरमेंट प्लानिंग सिर्फ एक पेंशन प्लान पर आधारित नहीं होनी चाहिए। कई लोग डायवर्सिफाइड रिटायरमेंट स्ट्रैटजी अपनाने की सलाह देते हैं। इसमें EPF, PPF, Mutual Funds SIP, Senior Citizen Savings Scheme, Fixed Deposit और LIC pension plans जैसे अलग-अलग विकल्प शामिल हो सकते हैं। इससे महंगाई और बाजार जोखिम दोनों को बेहतर तरीके से संभालने में मदद मिलती है।

निवेश से पहले किन बातों पर ध्यान देना जरूरी है

किसी भी पेंशन प्लान में पैसा लगाने से पहले कुछ बातें जरूर समझनी चाहिए। सबसे पहले यह देखना जरूरी है कि आपकी उम्र क्या है, रिटायरमेंट में कितना समय बचा है, हर महीने कितनी आय चाहिए और क्या आपके पास दूसरा निवेश भी है।

इसके अलावा एक बार एन्युटी लॉक होने के बाद आमतौर पर रकम नहीं बदलती। यानी बाद में ब्याज दरें बढ़ने पर भी आपकी पेंशन वही रह सकती है। इसी वजह से कई लोग ब्याज दरों और अपने कुल रिटायरमेंट फंड को देखकर फैसला लेते हैं।

क्या युवा लोगों को भी ऐसे प्लान लेने चाहिए?

कम उम्र में सीधे एन्युटी प्लान में बहुत ज्यादा पैसा लगाना हर व्यक्ति के लिए सही नहीं माना जाता। कई फाइनेंशियल प्लानर्स मानते हैं कि युवा निवेशकों के पास लंबा समय होता है। ऐसे में वे इक्विटी म्यूचुअल फंड्स जैसे विकल्पों के जरिए बड़ा रिटायरमेंट फंड बना सकते हैं।

हालांकि जैसे-जैसे रिटायरमेंट नजदीक आता है, कुछ हिस्सा सुरक्षित और नियमित आय वाले विकल्पों में डालना समझदारी माना जाता है।

किन लोगों के लिए सही हो सकते हैं ये प्लान

LIC के पेंशन प्लान खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी माने जाते हैं, जिन्हें हर महीने निश्चित आय चाहिए, जो जोखिम कम लेना चाहते हैं, जिन्हें बाजार की ज्यादा समझ नहीं है या जो स्थिर कैश फ्लो चाहते हैं। लेकिन निवेश का फैसला हमेशा अपनी जरूरत, उम्र, खर्च और जोखिम क्षमता को देखकर ही लेना चाहिए। अगर आपको कोई शंका है, तो फाइनेंशियल एक्सपर्ट की सलाह लेना भी सही रहता है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।