LIC: अगर आप और अपने जीवनसाथी एक ऐसी पॉलिसी तलाश रहे हैं जिसमें सेविंग के साथ लाइफ कवर भी मिले। तो लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया यानी LIC आपके लिए दो नए प्लान लेकर आया है। देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी ने LIC न्यू जीवन साथ सिंगल प्रीमियम और LIC न्यू जीवन साथी लिमिटेड प्रीमियम नाम से दो नए ज्वाइंट लाइफ इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स लॉन्च किए हैं। इन दोनों योजनाओं की खास बात यह है कि पति-पत्नी दोनों को एक ही पॉलिसी में कवर मिलेगा। साथ ही इसमें गारंटीड रिटर्न और फिक्स्ड बेनेफिट्स भी दिए जाएंगे। यानी बाजार में उतार-चढ़ाव का असर इन योजनाओं पर नहीं पड़ेगा।
जून 2026 से शुरू होंगी पॉलिसियां
LIC ने बताया कि ये दोनों प्लान जून 2026 से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध होंगे। ग्राहक इन्हें एजेंट, ब्रोकर, कॉर्पोरेट एजेंट और इंश्योरेंस मार्केटिंग फर्म्स के जरिए खरीद सकेंगे।
सिंगल प्रीमियम प्लान में एक बार देना होगा पैसा
न्यू जीवन साथी सिंगल प्रीमियम प्लान में ग्राहक को सिर्फ एक बार प्रीमियम भरना होगा। LIC के मुताबिक इस योजना में पॉलिसी टर्म के दौरान हर 1,000 रुपये के बेसिक सम एश्योर्ड पर 70 रुपये की गारंटीड एडिशन मिलेगी। इस प्लान में ग्राहक डेथ बेनेफिट के दो विकल्प चुन सकते हैं। इसमें पेआउट बेसिक सम एश्योर्ड या प्रीमियम के मल्टीपल के आधार पर तय होगा। इस योजना में 10, 15, 20 और 25 साल तक की पॉलिसी टर्म का विकल्प मिलेगा। इसमें एंट्री एज 18 साल से शुरू होगी और मिनिमम बेसिक सम एश्योर्ड 3 लाख रुपये रखा गया है।
लिमिटेड प्रीमियम प्लान में किस्तों में भर सकेंगे प्रीमियम
दूसरा प्लान न्यू जीवन साथी लिमटेड प्रीमिमय है, जिसमें ग्राहक 5, 10 या 15 साल तक किस्तों में प्रीमियम जमा कर सकते हैं। इस योजना में कुल सालाना प्रीमियम का 7% गारंटीड एडिशन के रूप में मिलेगा। साथ ही अगर प्रीमियम पेमेंट टर्म के दौरान एक लाइफ एश्योर्ड की मौत हो जाती है, तो प्रीमियम वेवर भी मिलेगा।
लंप सम की जगह किस्तों में भी मिलेगा पैसा
दोनों योजनाओं में मैच्योरिटी या डेथ बेनेफिट को एक साथ लेने के बजाय 5, 10 या 15 साल की किस्तों में लेने का विकल्प भी दिया गया है। इसके अलावा मौजूदा एलआई पॉलिसीहोल्डर्स और मृत पॉलिसीहोल्डर्स के नॉमिनी को रिबेट का फायदा भी मिलेगा। ग्राहक चाहें तो अतिरिक्त प्रीमियम देकर राइडर बेनेफिट्स भी जोड़ सकते हैं।