आज 1 अप्रैल से नए वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत हुई है और पहले ही दिन LPG सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। हालांकि यह बढ़ोतरी 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर तक सीमित है। दाम 218 रुपये तक बढ़े हैं और 1 अप्रैल 2026 से लागू हो गए हैं। दिल्ली में यह सिलेंडर 195.5 रुपये, मुंबई में 196 रुपये, चेन्नई में 203 रुपये और कोलकाता में 218 रुपये महंगा मिलेगा।
सरकारी कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार, बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में अब 19 किलोग्राम के इंडेन LPG सिलेंडर की कीमत 2078.50 रुपये हो गई है। पहले यह 1883 रुपये थी। इसी तरह कोलकाता में इसकी कीमत 1990 रुपये से बढ़कर अब 2208 रुपये हो गई है। मुंबई में यह अब 2031 रुपये में मिलेगा, जबकि पहले 1835 रुपये में मिल रहा था। चेन्नई में कीमत 2043.50 रुपये की जगह बढ़ाकर 2246.50 रुपये कर दी गई है।
4 महीनों में 5वीं बार बढ़ी कीमत
कमर्शियल LPG सिलेंडर का इस्तेमाल होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में होता है। इस सिलेंडर के दाम पिछले 4 महीनों में 5वीं बार बढ़े हैं। इससे पहले 7 मार्च को यह 114.5 रुपये महंगा हुआ था। 1 मार्च 2026 को कीमत 28 रुपये तक बढ़ी थी। फरवरी में इसके दाम में 49 रुपये और जनवरी में 111 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। दिसंबर 2025 में 19 Kg के कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती की गई थी।
घरेलू LPG सिलेंडर नहीं हुआ और महंगा
14.2 kg के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। इसकी कीमत में आखिरी बार बदलाव 7 मार्च 2026 को हुआ था। दाम 60 रुपये बढ़ा था। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, बिना सब्सिडी वाले 14.2 kg के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत वर्तमान में दिल्ली में 913 रुपये है। मुंबई में कीमत 912.50 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये है। लोकल सेल्स टैक्स या VAT के आधार पर रेट अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग होते हैं।
ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच लड़ाई के चलते पूरी दुनिया के सामने ऊर्जा संकट खड़ा हो गया है। महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट के लगभग बंद होने से गैस और कच्चे तेल की सप्लाई में भारी कमी है। कच्चे तेल के दाम आसमान छू रहे हैं।
ATF यानि एविएशन टर्बाइन फ्यूल/जेट फ्यूल के दाम भी बढ़ गए हैं। सरकारी तेल कंपनियों के अनुसार, दिल्ली में ATF की कीमत 110,703.08 रुपये प्रति किलोलीटर या 114.5 प्रतिशत बढ़ी है। इसके बाद कीमत 207,341.22 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। ATF की कीमत लगातार दूसरे महीने बढ़ी है। 1 मार्च को कीमतों में 5.7 प्रतिशत (5,244.75 रुपये प्रति किलोलीटर) की बढ़ोतरी की गई थी। यह पहली बार है जब ATF की कीमतें 2 लाख रुपये प्रति किलोलीटर के आंकड़े को पार कर गई हैं। इससे पहले 2022 में कीमतें अपने उच्चतम स्तर पर थीं, जब रूस द्वारा यूक्रेन पर हमला करने के बाद तेल की कीमतों में भारी उछाल आया था। उस वक्त कीमत बढ़कर 1.1 लाख रुपये प्रति किलोलीटर हो गई थी।