ब्लैक मार्केट में 3000 रुपये पहुंचा कमर्शियल सिलेंडर, जानिये देश के 20 शहरों में किस रेट पर मिल रहा है LPG Cylinder

LPG Shortage: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत के कई शहरों में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कमी की खबरें सामने आ रही हैं। इसका असर अब लोकल बाजारों और ग्राहकों पर भी दिखने लगा है

अपडेटेड Mar 12, 2026 पर 1:25 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
LPG Shortage: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत के कई शहरों में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कमी की रिपोर्ट सामने आ रही हैं।

LPG Shortage: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत के कई शहरों में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कमी की खबरें सामने आ रही हैं। इसका असर अब लोकल बाजारों और ग्राहकों पर भी दिखने लगा है। कई जगहों पर रेस्टोरेंट, केटरिंग सर्विस, घरों और मंदिरों की रसोई में गैस सिलेंडर की सप्लाई में देरी हो रही है। हालांकि केंद्र सरकार ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि घरेलू LPG की सप्लाई पर्याप्त है। सरकार ने राज्यों को भी निर्देश दिए हैं कि गैस की सप्लाई और डिस्ट्रीब्यूशन पर नजर रखें। साथ ही जमाखोरी या कालाबाजारी को रोकें।

कई शहरों में ब्लैक मार्केट में महंगे बिक रहे हैं सिलेंडर

दिल्ली-एनसीआर: घरेलू गैस सिलेंडर ब्लैक मार्केट में करीब 1,400 से 1,500 रुपये में बिक रहा है।


बरेली: घरेलू सिलेंडर आधिकारिक कीमत से 200 से 500 रुपये ज्यादा में बेचे जा रहे हैं।

पीलीभीत: घरेलू सिलेंडर सामान्य कीमत से 100 से 200 रुपये ज्यादा में बिक रहे हैं।

मेरठ: कुछ इलाकों में ब्लैक मार्केट में सिलेंडर 1,400 रुपये से ज्यादा में मिल रहे हैं।

मिर्जापुर: घरेलू सिलेंडर करीब 1,300 रुपये में बिकने की सूचना।

गाजियाबाद: कुछ जगहों पर घरेलू सिलेंडर आधिकारिक कीमत से 100 रुपये ज्यादा में मिल रहे हैं, वहीं कमर्शियल सिलेंडर पर भी 1500 से 2000 रुपये लिए जा रहे हैं।

गोरखपुर: घरेलू सिलेंडर 250 से 300 रुपये ज्यादा में बेचे जा रहे हैं, जबकि कमर्शियल सिलेंडर के लिए 500 से 700 रुपये एक्स्ट्रा दिये जा रहे हैं।

अयोध्या: घरेलू सिलेंडर 200 रुपये ज्यादा में बिक रहे हैं, जबकि कमर्शियल सिलेंडर कई जगह नहीं मिल रहे हैं।

कानपुर: घरेलू सिलेंडर 200 से 250 रुपये ज्यादा में मिल रहे हैं, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 400 से 500 रुपये एक्स्ट्रा देने पड़ रहे हैं।

मुंबई: कमर्शियल सिलेंडर 2,800 से 3,000 रुपये में बिक रहा है। कमर्शियल सिलेंडर 19 किलोग्राम का होता है।

हैदराबाद: कमर्शियल सिलेंडर करीब 3,000 रुपये या उससे ज्यादा में बिक रहे हैं।

बेंगलुरु: ब्लैक मार्केट में सिलेंडर की कीमत सामान्य रेट से लगभग 1.5 गुना तक पहुंच गई है।

कोलकाता: कुछ इलाकों में कमर्शियल सिलेंडर 3,000 रुपये तक में बिक रहे हैं।

पटना: घरेलू सिलेंडर ब्लैक में 1,500 से 1,800 रुपये में और कमर्शियल सिलेंडर 3,000 से 3,200 रुपये में मिल रहे हैं।

पूर्णिया: घरेलू सिलेंडर ब्लैक मार्केट में 1,500 से 2,100 रुपये तक और कमर्शियल सिलेंडर 3,000 रुपये से ज्यादा में बिक रहे हैं।

गया: घरेलू सिलेंडर ब्लैक में 1,500 से 2,000 रुपये तक बिक रहे हैं।

जमशेदपुर: घरेलू सिलेंडर करीब 1,400 रुपये में बिकने की खबर है।

हजारीबाग: घरेलू सिलेंडर की ब्लैक मार्केट कीमत करीब 1,500 से 1,700 रुपये बताई जा रही है।

रांची: घरेलू सिलेंडर ब्लैक मार्केट में 1,500 से 1,800 रुपये में बिक रहे हैं।

आंध्र प्रदेश (विजयवाड़ा समेत कुछ शहर): कमर्शियल सिलेंडर ब्लैक मार्केट में 3,200 रुपये तक में बिक रहे हैं।।

घर में कितने सिलेंडर रखना है कानूनी

सप्लाई को लेकर चिंता के बीच कई लोग सिलेंडर जमा करने लगे हैं। ऐसे में प्रशासन ने नियम भी याद दिलाए हैं। नियमों के अनुसार किसी घर में एक समय में दो सिलेंडर कनेक्टेड और एक अतिरिक्त सिलेंडर बैकअप के तौर पर रखा जा सकता है। इससे ज्यादा सिलेंडर बिना अनुमति रखने पर सुरक्षा नियमों के तहत कार्रवाई और जुर्माना लग सकता है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सिलेंडर की जमाखोरी न करें और केवल अधिकृत गैस एजेंसी से ही रिफिल लें।

राज्यों को सख्ती के निर्देश

सिलेंडर की कालाबाजारी की खबरों के बाद केंद्र सरकार ने राज्यों को सख्ती से निगरानी करने को कहा है। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों, पुलिस प्रमुखों और उपभोक्ता मामलों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में राज्यों को निर्देश दिए गए कि गैस की सप्लाई और डिस्ट्रीब्यूशन पर नजर रखी जाए। साथ ही कालाबाजारी तथा जमाखोरी पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

क्या है सप्लाई संकट की वजह

भारत हर साल करीब 31.3 मिलियन टन LPG का इस्तेमाल करता है। इसमें से लगभग 87% घरेलू उपयोग के लिए और बाकी होटल व रेस्टोरेंट जैसे कमर्शियल सेक्टर में जाता है। भारत अपनी LPG जरूरत का करीब 62% हिस्सा आयात करता है। मौजूदा तनाव के कारण स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज समुद्री रास्ता प्रभावित हुआ है। यह वही रास्ता है, जिससे भारत को पश्चिम एशिया से आने वाली 85-90% LPG सप्लाई मिलती है।

Gold-Silver Outlook: सोने और चांदी में गिरावट, क्या यह खरीदारी का सही समय है?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।