भारतीय सिर्फ छुट्टियां मनाने नहीं निकल रहे, बल्कि स्मार्ट तरीके से ट्रैवल भी प्लान कर रहे हैं। कोई पहले से होटल बुक कर रहा है, कोई क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड्स से फ्लाइट टिकट सस्ता कर रहा है, तो कोई भीड़ से दूर नेचर और बीच डेस्टिनेशन चुन रहा है। गर्मियों की छुट्टियों में अब लोगों का फोकस सिर्फ घूमने पर नहीं, बल्कि बेहतर एक्सपीरियंस और पैसे की सही वैल्यू पाने पर भी है।
ट्रैवल प्लेटफॉर्म्स के आंकड़े बताते हैं कि इस साल लग्जरी स्टे, फैमिली ट्रिप और सोलो ट्रैवल में तेज उछाल आया है। खास बात यह है कि लोग अब आखिरी समय में टिकट बुक करने के बजाय पहले से प्लानिंग कर रहे हैं, ताकि महंगे किराए और होटल रेट्स से बचा जा सके।
इस बार गर्मियों की छुट्टियां सिर्फ घूमने तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि भारतीयों का ट्रैवल करने का तरीका भी तेजी से बदलता दिख रहा है। लोग अब जल्दबाजी में टिकट बुक करने के बजाय पहले से प्लानिंग कर रहे हैं, लग्जरी स्टे चुन रहे हैं और क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड्स व ऑफर्स का इस्तेमाल कर ट्रैवल खर्च कम करने की कोशिश कर रहे हैं।
ट्रैवल प्लेटफॉर्म्स के आंकड़ों के मुताबिक इस साल प्रीमियम और फैमिली ट्रैवल में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली है। Cleartrip की रिपोर्ट बताती है कि होटल बुकिंग में 80 फीसदी से ज्यादा की बढ़त हुई है, जबकि 5 स्टार होटल स्टे 108 फीसदी तक बढ़ गए हैं। इससे साफ है कि लोग अब छुट्टियों में बेहतर अनुभव पर ज्यादा खर्च करने को तैयार हैं।
फैमिली ट्रिप और ग्रुप ट्रैवल का बढ़ा क्रेज
गर्मी की छुट्टियों में फैमिली ट्रैवल तेजी से बढ़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक फैमिली होटल बुकिंग में करीब 125 फीसदी का उछाल आया है। स्कूल की छुट्टियों के दौरान लोग पहले से प्लानिंग कर बड़े ग्रुप में ट्रैवल कर रहे हैं, ताकि खर्च भी कंट्रोल रहे और बेहतर होटल विकल्प मिल सकें।
अकेले घूमने वालों की संख्या भी बढ़ी
इस बार सोलो ट्रैवल का ट्रेंड भी मजबूत हुआ है। देश के भीतर अकेले घूमने वाली महिलाओं की संख्या करीब 32 फीसदी बढ़ी है, जबकि विदेश यात्रा करने वाले पुरुषों की संख्या में भी तेजी आई है। इससे साफ है कि अब अलग-अलग आयु वर्ग और प्रोफाइल के लोग ट्रैवल को प्राथमिकता दे रहे हैं।
ये डेस्टिनेशन बने सबसे ज्यादा पसंद
घरेलू यात्रा में दिल्ली, जयपुर और बेंगलुरु लोगों की पसंद बने हुए हैं। वहीं विदेशों में बैंकॉक और बाली सबसे ज्यादा सर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा पुरी, वायनाड और गोवा जैसे बीच और नेचर बेस्ड डेस्टिनेशन की मांग भी तेजी से बढ़ी है।
खर्च बचाने के लिए लोग अपना रहे स्मार्ट तरीका
अब लोग ट्रैवल के लिए सिर्फ बचत पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड, लॉयल्टी प्रोग्राम और ऐप ऑफर्स का भी खूब इस्तेमाल कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक घरेलू ट्रैवल बुकिंग में 63 फीसदी से ज्यादा भुगतान क्रेडिट कार्ड से हो रहा है। Swiggy-Marriott Bonvoy, एयरलाइन कार्ड और ट्रैवल ऐप्स के जरिए लोग रोजमर्रा के खर्च को ट्रैवल पॉइंट्स में बदल रहे हैं।