महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने CNG (कंप्रेस्ड नेचुरल गैस) की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमतों में 1 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) की बढ़ोतरी की घोषणा की है। इसके पीछे कंपनी ने मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण इनपुट लागत (कच्चे माल की लागत) में बढ़ोतरी का तर्क दिया है। कंपनी ने एक आधिकारिक बयान में कहा है कि मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में CNG की नई कीमत 88 रुपये प्रति किलोग्राम होगी। यह 1 सितंबर 2026 की आधी रात से लागू होगी।
बयान के मुताबिक, CNG की काफी मांग है और CNG सेगमेंट के लिए इनपुट गैस का एक बड़ा हिस्सा इंपोर्टेड स्पॉट RLNG (रीगैसिफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस) के जरिए पूरा किया जा रहा है, जिसकी कीमतें अधिक हैं। महानगर गैस ने कहा कि CNG की कीमतों में बढ़ोतरी से इनपुट गैस की बढ़ती लागत की आंशिक रूप से भरपाई होगी और ग्राहकों को CNG की लगातार और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, लातूर, धाराशिव और कर्नाटक के चित्रदुर्ग और दावणगेरे में लगभग 13 लाख CNG व्हीकल महानगर गैस लिमिटेड के सप्लाई नेटवर्क पर निर्भर हैं। घरेलू PNG के मामले में, इनपुट लागत में बढ़ोतरी के कारण 30 लाख घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की कीमत में 1 रुपये प्रति SCM की बढ़ोतरी की गई है।
इससे पहले इंद्रप्रस्थ गैस ने CNG की कीमतों में 3.89 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी करके उन्हें 86.98 रुपये प्रति किलो करने की घोषणा की थी। इंद्रप्रस्थ गैस, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सेवा देती है। इसने भी रेट बढ़ाने के पीछे इनपुट लागत में बढ़ोतरी का हवाला दिया था।
1 सितंबर से देश में कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम 10.50 रुपये तक बढ़ गए हैं। इसके बाद दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 2747.50 रुपये हो गई है। मुंबई में इस सिलेंडर की कीमत अब 2701 रुपये, चेन्नई में 2916.50 रुपये हो गई है। कमर्शियल LPG सिलेंडर का इस्तेमाल होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में होता है। इसके अलावा बाजार मूल्य वाले 5 किलो के नॉन डोमेस्टिक LPG सिलेंडर की कीमत भी 2 रुपये बढ़ाकर 764 रुपये कर दी गई है।