मोदी सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों को तोहफा दिया है। अब कर्मचारी LTC का फायदा 2 साल के लिए उठा सकते हैं। सरकार ने कई जगहों के लिए एलटीसी की टाइमलाइन बढ़ाई है। केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा पूर्वोत्तर राज्यों की यात्रा के लिए लीव ट्रैवल कंसेशन (LTC) का लाभ उठाने की योजना को दो साल के लिए बढ़ा दिया है। अब यह योजना 26 सितंबर 2024 से 25 सितंबर 2026 तक लागू रहेगी। इस योजना के तहत सरकारी कर्मचारी अपने होम टाउन LTC को इन चुनिंदा जगहों की यात्रा के लिए बदल सकते हैं।
कौन उठा सकता है LTC का फायदा?
सभी सरकारी कर्मचारी जो LTC के पात्र हैं, अपने होम टाउन LTC को बदलकर पूर्वोत्तर क्षेत्र, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और अंडमान-निकोबार की यात्रा कर सकते हैं। चार साल के LTC ब्लॉक के दौरान एक होम टाउन LTC को इन एरिया में से किसी एक स्थान पर जाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
क्या सभी कर्मचारी इस योजना में शामिल हैं?
जिन कर्मचारियों का होम टाउन इन एरिया में से किसी एक में है, वे भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। लेकिन वे अपने होम टाउन को छोड़कर बाकी तीन स्थानों की यात्रा कर सकते हैं। हालांकि, जिन कर्मचारियों का होम टाउन और ऑफिस एक ही स्थान पर है, उन्हें होम टाउन LTC का लाभ नहीं मिलेगा।
सरकारी कर्मचारी 26 सितंबर 2024 से 25 सितंबर 2026 के बीच इन जगहों की यात्रा कर सकते हैं और LTC योजना के तहत इसका लाभ उठा सकते हैं।
क्या हवाई यात्रा के लिए LTC का इस्तेमाल किया जा सकता है?
सरकारी कर्मचारी जिन्हें हवाई यात्रा की अनुमति है, वे हवाई टिकट का खर्च सरकारी नियमों के तहत क्लेम कर सकते हैं। वे अपने कार्यस्थल से यात्रा करते हुए इस योजना के तहत किसी भी एयरलाइन की सर्विस का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन शर्तों और नियमों का पालन करना जरूरी होगा। यह योजना उन सरकारी कर्मचारियों के लिए बेहतरीन मौका है जो देश के इन खूबसूरत जगहों की यात्रा करना चाहते हैं। इस योजना के तहत कर्मचारी न केवल अपने परिवार के साथ यादगार यात्रा कर सकते हैं, बल्कि LTC का भी फायदा उठा सकते हैं।