Monsoon: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित इन राज्यों की तरफ तेजी से बढ़ रहा मानसून, IMD ने जारी किया लेटेस्ट अपडेट
अगले दो दिनों के दौरान उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। IMD ने ट्वीट किया, अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में अलग-अलग जगहों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है
MoneyControl News
अपडेटेड Jun 20, 2022 पर 3:17 PM
IMD के मुताबिक, अगले 5 दिनों के दौरान पश्चिमी तट पर तेज बारिश होने की संभावना है
इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने सोमवार को एक बयान में कहा कि आने वाले अगले दो दिनों तक उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में गरज के साथ छिटपुट भारी बारिश जारी रहेगी। IMD ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून आज सोमवार को मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों, छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों और तटीय आंध्र प्रदेश की तरफ आगे बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों, पूरे ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड के अधिकांश हिस्सों और बिहार, आज दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से की तरफ आगे बढ़ चुका है। IMD के मुताबिक, अगले 5 दिनों के दौरान पश्चिमी तट पर तेज बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा अगले दो दिनों के दौरान उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। IMD ने ट्वीट किया, "अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में अलग-अलग जगहों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार और दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज, 20 जून 2022 को मध्यम से लेकर तेज बारिश हो सकती है।
मुंबई में ऑरेंज अलर्ट जारी
IMD के अनुसार, मुंबई, पालघर, ठाणे और रायगढ़ में आज मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मुंबई, पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जैसे जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने कहा कि मुंबई में सोमवार, 20 जून को आसमान में बादल छाए रहेंगे और भारी बारिश होगी। फिलहाल दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी महाराष्ट्र के उत्तरपूर्वी हिस्सों में नहीं पहुंचा है। हालांकि मौसम विभाग को उम्मीद है कि इस सप्ताह मानसून उत्तरपूर्वी हिस्सों में भी दस्तक दे देगा।
मौसम एजेंसी ने ऑरेंज अलर्ट जारी करने के बाद अपने दैनिक बुलेटिन में कहा है कि मुंबई और उपनगरों में मध्यम बारिश के साथ पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। साथ ही अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए मौसम विभाग ने कहा कि लोगों को सतर्क और प्रशासन को तैयार रहने की जरूरत है।
मुंबई में 130 मिमी हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, "शहर में अगले दो या तीन दिनों में लगभग 130 मिमी बारिश हो सकती है, जो मुंबई के मानकों से खतरनाक नहीं है, लेकिन इससे जलभराव हो सकता है।"
मुंबई और उसके उपनगरों के अधिकांश हिस्सों में वीकेंड में भी मध्यम बारिश हुई। पिछले एक सप्ताह में कम वर्षा होने के बाद इस सप्ताह बारिश की गतिविधि तेज होने की उम्मीद है। पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र में मुंबई सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई।
दिल्ली में भी आज बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD ने सोमवार को दिन में बादल छाए रहने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान लगाया है। इस दौरान गरज के साथ छींटे पड़ने के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान के 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। IMD ने गरज के साथ छींटे पड़ने या हल्की बारिश को लेकर शनिवार से अगले 4 दिन के लिए मौसम का ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया है।