Mothers Day 2026: आज वॉरेन बफे दुनिया के सबसे सफल निवेशकों में गिने जाते हैं। अरबों रुपये की संपत्ति, इन्वेस्टमेंट की अनोखी समझ और बेहद सादा जिंदगी.. यही उनकी पहचान है। लेकिन वॉरेन बफे की जिंदगी का एक ऐसा हिस्सा भी है, जिसके बारे में कम लोग जानते हैं। यह कहानी सिर्फ पैसों की नहीं, बल्कि उनकी मां लीला स्टाल बफे (Leila Stahl Buffett) के साथ उनके मुश्किल रिश्ते की भी है।
बचपन में वॉरेन बफे अपनी मां से काफी डरते थे। मशहूर किताब The Snowball में बताया है कि उनकी मां लीला का स्वभाव काफी सख्त था। घर में अनुशासन बहुत था और कई बार छोटी बातों पर भी वह गुस्सा हो जाती थीं। वॉरेन बफे बाद में खुद बताते हैं कि कई बार ऐसा होता था जब उनकी मां का मूड खराब होता और पूरा घर शांत हो जाता।
एक घटना का जिक्र अक्सर किया जाता है। वॉरेन छोटे थे और घर में डिनर का समय था। किसी छोटी सी बात पर उनकी मां नाराज हो गईं। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि बच्चे चुपचाप बैठ गए। वॉरेन डरकर अपने कमरे में चले गए। उस समय शायद उन्हें यह समझ नहीं आता था कि उनकी मां इतनी सख्त क्यों हैं।
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती..
उसी घर में वॉरेन बफे ने पैसों की कीमत समझी। उनकी मां फिजूलखर्ची बिल्कुल पसंद नहीं करती थीं। घर में हर चीज संभालकर इस्तेमाल होती थी। शायद यही वजह थी कि बहुत छोटी उम्र में ही वॉरेन का ध्यान पैसों की तरफ जाने लगा। दूसरे बच्चे खिलौनों में खुश होते थे, लेकिन वॉरेन यह सोचते थे कि पैसे कैसे बढ़ाए जाएं।
कभी वह च्यूइंग गम बेचते, कभी कोका-कोला की बोतलें। अखबार बांटकर पैसे कमाते और फिर उन पैसों को खर्च करने के बजाय बचाते..। धीरे-धीरे यही आदत उनकी पहचान बन गई।
वॉरेन बफे ने बाद में माना कि उनका बचपन इमोशनल स्तर पर आसान नहीं था। लेकिन उसी माहौल ने उन्हें अंदर से मजबूत बनाया। उन्होंने जल्दी सीख लिया कि जिंदगी में सेफ्टी पैसों से नहीं, बल्कि समझदारी और अनुशासन से आती है।
शायद यही कारण है कि अरबपति बनने के बाद भी बफे कभी दिखावे वाली जिंदगी नहीं जी पाए। आज भी वह उसी पुराने घर में रहते हैं, जिसे उन्होंने दशकों पहले खरीदा था। उनके लिए पैसा सिर्फ खर्च करने की चीज नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है।
मदर्स डे पर वॉरेन बफे और उनकी मां का रिश्ता ये बताता कि हर रिश्ता परफेक्ट नहीं होता। कई बार जिन रिश्तों में संघर्ष होता है, वही जिंदगी की सबसे बड़ी सीख दे जाते हैं। बचपन में जिस मां के गुस्से से वॉरेन बफे डरते थे, शायद उसी सख्ती ने उन्हें दुनिया का सबसे अनुशासित निवेशक बना दिया।