हर व्यक्ति चाहता है कि उसकी मेहनत की कमाई सुरक्षित रहे और समय के साथ बढ़े भी। लेकिन सवाल यह है कि बचत के लिए कौन सा विकल्प सबसे अच्छा है म्यूचुअल फंड, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) या रिकरिंग डिपॉजिट (RD)? तीनों ही लोकप्रिय हैं, लेकिन इनके फायदे और जोखिम अलग-अलग हैं।
FD और RD की परंपरागत सुरक्षा
भारतीय परिवारों में FD और RD को सबसे सुरक्षित निवेश माना जाता है। FD में आप एकमुश्त राशि जमा करते हैं और तय ब्याज दर पर निश्चित समय बाद रकम वापस मिलती है। वहीं RD में हर महीने छोटी-छोटी किस्तों में पैसा जमा किया जाता है। इन दोनों विकल्पों में रिटर्न स्थिर और गारंटीड होते हैं, लेकिन ब्याज दरें सीमित रहती हैं। वर्तमान में FD और RD पर ब्याज दर लगभग 6-7% के बीच है। इसका मतलब है कि महंगाई दर अगर ज्यादा हो तो असल रिटर्न घट सकता है।
म्यूचुअल फंड्स खासकर इक्विटी आधारित फंड्स लंबे समय में FD और RD से कहीं ज्यादा रिटर्न दे सकते हैं। पिछले कई वर्षों में अच्छे इक्विटी फंड्स ने औसतन 12-15% तक का रिटर्न दिया है। हालांकि इसमें उतार-चढ़ाव रहता है और जोखिम भी ज्यादा है। लेकिन SIP (सिस्टमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) के जरिए छोटे-छोटे निवेश से आप बाजार की अस्थिरता को संतुलित कर सकते हैं।
- FD/RD: सुरक्षित, गारंटीड रिटर्न, लेकिन कम ब्याज।
- म्यूचुअल फंड: ज्यादा रिटर्न की संभावना, लेकिन जोखिम भी ज्यादा।
- लिक्विडिटी: FD में प्रीमैच्योर तोड़ने पर पेनल्टी लगती है, RD भी इसी तरह है। म्यूचुअल फंड्स में आप कभी भी पैसा निकाल सकते हैं, हालांकि इक्विटी फंड्स में लॉन्ग-टर्म रहना बेहतर है।
अगर आप जोखिम से बचना चाहते हैं और स्थिरता पसंद करते हैं तो FD और RD आपके लिए सही हैं। लेकिन अगर आप लंबे समय तक निवेशित रह सकते हैं और महंगाई को मात देना चाहते हैं तो म्यूचुअल फंड्स बेहतर विकल्प हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि हाइब्रिड रणनीति अपनाना सबसे समझदारी है कुछ हिस्सा FD/RD में और कुछ हिस्सा म्यूचुअल फंड्स में।