क्या आप भी नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास घर लेने या निवेश करने का प्लान कर रहे हैं? आपके पास एक अच्छा मौका है। YEIDA नवरात्रि पर रेजिडेंशियल प्लॉट्स की नई योजना लॉन्च करने जा रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने आगामी त्योहारों के मौसम में एक नई रेजिडेंशियल प्लॉट योजना लॉन्च करने की योजना बनाई है। इस योजना के तहत लगभग 2,000 छोटे साइज के प्लॉट मिलेंगे, जो खासतौर पर मध्यम आय वर्ग के खरीदारों के लिए होंगे। YEIDA की नई योजना से खरीदारों को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास डेवलप एरिया में निवेश का एक नया मौका मिलेगा।
यह योजना नवरात्रि के दौरान पेश की जाएगी और इसके लिए YEIDA ने उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (UPRERA) के साथ रजिस्ट्रेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। YEIDA के सीईओ अरुण वीर सिंह के अनुसार पिछली योजनाओं को मिले शानदार रिस्पांस के बावजूद कई इच्छुक खरीदार इसमें भाग नहीं ले सके। इस कारण एक नई योजना लॉन्च करने का निर्णय लिया गया है।
4,000 प्लॉट्स की है योजना
अधिकारी के मुताबिक योजनाओं के तहत लगभग 4,000 रेजिडेंशियल प्लॉट्स ऑफर किये जाएंगे। ये छोटे प्लॉट होंगे, जिनका साइज 120 वर्ग मीटर (sqm) से 162 वर्ग मीटर के बीच होगा।
नई योजना नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित सेक्टरों में होगी। इन प्लॉट्स का आवंटन लकी ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा। अपेक्षित आवंटन दर लगभग 25,900 रुपये प्रति वर्ग मीटर होगी। इस दर पर सबसे छोटे 120 वर्ग मीटर के प्लॉट की कीमत लगभग 31.08 लाख रुपये होगी, जबकि 162 वर्ग मीटर के प्लॉट की कीमत लगभग 41.95 लाख रुपये होगी।
जुलाई 2024 में YEIDA ने सेक्टर 16, 18, 20, और 22D में 361 रेजिडेंशियल प्लॉट्स के लिए एक योजना पेश की थी। इस योजना के लिए 2.4 लाख से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया था। इन प्लॉट्स के लिए लकी ड्रॉ 10 अक्टूबर को होगा।
उत्तर प्रदेश सरकार ने 1976 में यूपी औद्योगिक विकास अधिनियम लागू किया था। ताकि, राज्य में औद्योगिक और संबंधित गतिविधियों का योजनाबद्ध विकास हो सके। इस अधिनियम के तहत नोएडा, ग्रेटर नोएडा (GNOIDA) और YEIDA को दिल्ली के पास के एरिया के व्यवस्थित विकास के लिए बनाया गया है।