अब छुट्टी के दिन भी आ जाएगी सैलेरी, नहीं करना पड़ेगा इंतजार- 1 अगस्त से RBI ने बदले नियम

1 अगस्त 2021 से रविवार या कोई दूसरा बैंक हॉलिडे होने पर भी आपकी सैलरी, पेंशन, डिविडेंड और इंटरेस्ट का पैसा बैंक खाते में आ जाएगा

अपडेटेड Jul 28, 2021 पर 12:39 PM

1 अगस्त 2021 से रविवार या कोई दूसरा बैंक हॉलिडे होने पर भी आपकी सैलरी, पेंशन, डिविडेंड और इंटरेस्ट का पैसा बैंक खाते में आ जाएगा। अब आपकी सैलरी छुट्टी के दिन नहीं रुकेगी। महीने की 31 या पहली तारीख रविवार के दिन होती है तो भी उस दिन सैलरी आपके खाते में आ जाएगी। अब वर्किंग डे का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। दरअसल, रिजर्व बैंक (RBI) ने ऐलान किया है कि नेशनल ऑटोमेटेड क्लियरिंग हाउस (National Automated Clearing House- NACH) सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध होगा।

आपको बता दें कि नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) द्वारा संचालित NACH के माध्यम से बल्क पेमेंट जैसे सैलरी, पेंशन, ब्याज, डिविडेंड आदि की भुगतान होता है। 1 अगस्त से NACH की सुविधा 7 दिन 24 घंटे मिलने से कंपनियां सैलरी कभी भी ट्रांसफर कर सकेंगी।

RBI गवर्नर शक्तिकांत दास ने मौद्रिक नीति की समीक्षा की घोषणा करते हुए कहा कि ग्राहकों को सुविधाओं के लिए और RTGS का पूरा लाभ देने के लिए NACH को 1 अगस्त, 2021 से सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध कराया जाएगा। अभी यह सुविधा बैंकों के वर्किंग डे पर ही उपलब्ध होती है।

RBI गवर्नर ने कहा कि डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिये पैसे ट्रंसफर करने के मामले में NACH सबसे पसंदीदा और महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरा है। आपको बता दें कि NACH के माध्यम से बिजली, गैस, टेलीफोन, पानी, लोन की EMI, म्यूचुअल फंड में निवेश और इंश्योरेंस प्रीमियम पेमेंट का कलेक्शन भी होता है।


म्यूचुअल फंड SIP में निवेश होगा आसान

NACH की सुविधा 24X7 होने से म्यूचुअल फंड (Mutual Funds) में निवेश करना भी आसान हो जाएगा। NACH म्यूचुअल फंड में एकमुश्त या SIP के माध्यम से निवेश करने की अनुमति देता है। NACH मैंडेट दो तरह के होते है। पहला है NACH डेबिट जिसका इस्तेमाल आमतौर पर टेलीफोन बिल भुगतान, म्यूचुअल फंडों में SIP और बिजली बिलों का भुगतान करने के लिए किया जाता है।


वहीं, दूसरा मैंडेट NACH क्रेडिट होता है। इसका इस्तेमाल सैलरी, डिविडेंडआदि देने के लिए किया जाता है। NACH की सुविधा 24X7 होने से आपको एसआईपी रजिस्ट्रेशन के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जल्द पूरी हो जाएगी। म्यूचुअल फंड यूटीलिटिज के सीईओ गणेश राम ने कहा कि NACH के सभी दिन काम करने से SIP रजिस्ट्रेशन का टाइम कम हो जाएगा।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।