NPS 100 Equity Investment: रिटायरमेंट फंड बनाने वाली नेशनल पेंशन सिस्टम में निवेशकों के लिए बड़ा अपडेट है। पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) ने एक बड़ा बदलाव किया है। नए मल्टीपल स्कीम फ्रेमवर्क (MSF) के तहत अब नॉन-गवर्नमेंट यानी प्राइवेट और सेल्फ-एंप्लॉयड सब्सक्राइबर्स अपने एनपीएस योगदान का 100% हिस्सा शेयर बाजार में निवेश कर सकते हैं।
पहले प्राइवेट सेक्टर के निवेशकों के लिए एक्टिव चॉइस के तहत इक्विटी में अधिकतम 75% एलोकेशन की ही इजाजत थी, जिसे अब बढ़ाकर 100% करने का रास्ता साफ हो गया है।
अब 100% इक्विटी एलोकेशन का फायदा 'High-Risk Variant' वाली योजनाओं के तहत मिलेगा। नए मल्टीपल स्कीम फ्रेमवर्क के तहत निवेशक एक ही पर्मानेंट रिटायरमेंट अकाउंट नंबर(PRAN) पर अलग-अलग पेंशन फंड मैनेजर्स की मल्टीपल स्कीम्स चुन सकेंगे। फिलहाल यह सुविधा कॉर्पोरेट कर्मचारियों, सेल्फ-एंप्लॉयड और आम नागरिकों के लिए उपलब्ध है।
किसे होगा सबसे ज्यादा फायदा?
20 से 35 साल की उम्र वाले निवेशकों के पास लंबा इनवेस्टमेंट होराइजन होता है। शुरुआती सालों में 100% इक्विटी में रहने से उन्हें कंपाउंडिंग का तगड़ा फायदा मिलेगा। साथ ही जो निवेशक बाजार के उतार-चढ़ाव से नहीं घबराते और म्यूचुअल फंड्स की तरह पेंशन फंड में भी एग्रेसिव रिटर्न चाहते हैं।
100% शेयर में पैसे लगाने का जोखिम
शेयर बाजार में गिरावट आने पर पेंशन फंड की वैल्यू में भी तेज गिरावट देखने को मिल सकती है। अगर कोई निवेशक रिटायरमेंट के करीब (जैसे- 55-60 की उम्र में) 100% इक्विटी में रहता है, तो किसी मार्केट क्रैश की स्थिति में उसका संचित रिटायरमेंट कॉर्पस काफी घट सकता है।
एनालिस्ट्स की राय: क्या आपको 100% इक्विटी चुनना चाहिए?
फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स का मानना है कि 100% इक्विटी का विकल्प उन लोगों के लिए बेहतरीन 'वेल्थ-बिल्डिंग टूल' साबित हो सकता है जो अपनी नौकरी या करियर के शुरुआती चरण में हैं। हालांकि, उम्र बढ़ने के साथ धीरे-धीरे इक्विटी एलोकेशन घटाकर डेट या सरकारी सिक्योरिटीज में शिफ्ट करना ही समझदारी भरा फैसला माना जाता है, ताकि बना-बनाया कॉर्पस सुरक्षित रहे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।