NPS vs EPF vs PPF: रिटायरमेंट फंड के लिए कौन सा विकल्प है सबसे बेस्ट? जानिए रिटर्न, टैक्स और लॉक-इन पीरियड का पूरा हिसाब
NPS vs EPF vs PPF Comparison: भारत में रिटायरमेंट और टैक्स सेविंग के लिए NPS, EPF और PPF सबसे लोकप्रिय विकल्प हैं। तीनों योजनाएं भविष्य के लिए फंड बनाती हैं, लेकिन इनके काम करने का तरीका, रिटर्न, टैक्स छूट और लॉक-इन अवधि अलग-अलग हैं। अपनी वित्तीय जरूरतों और जोखिम लेने की क्षमता के आधार पर सही विकल्प चुनना बेहद जरूरी है
नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) एक केंद्र सरकार द्वारा समर्थित रिटायरमेंट सेविंग स्कीम है
NPS vs EPF vs PPF Investment Comparison: अपने भविष्य को सुरक्षित करने और बुढ़ापे में एक मजबूत रिटायरमेंट फंड तैयार करने के लिए सही जगह निवेश करना बेहद जरूरी है। जब भी टैक्स बचाने और रिटायरमेंट प्लानिंग की बात आती है, तो भारत में तीन सबसे लोकप्रिय विकल्प नेशनल पेंशन सिस्टम(NPS), कर्मचारी भविष्य निधि(EPF) और पब्लिक प्रॉविडेंट फंड(PPF) सामने आते हैं।
तीनों ही योजनाएं रिटायरमेंट कॉर्पस बनाने में मदद करती हैं, लेकिन इनके काम करने का तरीका, रिटर्न, टैक्स छूट और लॉक-इन पीरियड एक-दूसरे से काफी अलग हैं। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि आपके लिए कौन सा विकल्प सबसे बेहतर साबित हो सकता है।
NPS: मार्केट-लिंक्ड रिटर्न का फायदा
नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) एक केंद्र सरकार द्वारा समर्थित रिटायरमेंट सेविंग स्कीम है, जो पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) द्वारा संचालित होती है। कोई भी भारतीय नागरिक इसमें खाता खुलवा सकता है। टियर-1 अकाउंट के लिए न्यूनतम सालाना योगदान ₹1,000 है, जबकि अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है।
रिटर्न का जरिया: NPS का पैसा सीधे तौर पर इक्विटी (शेयर बाजार), कॉर्पोरेट बॉन्ड्स और सरकारी सिक्योरिटीज में निवेश किया जाता है। इसलिए इसका रिटर्न फिक्स नहीं होता, बल्कि बाजार के प्रदर्शन पर निर्भर करता है। लंबी अवधि में इसमें 9% से 12% तक का औसत रिटर्न मिल सकता है।
लॉक-इन पीरियड: 60 वर्ष की उम्र तक पैसा लॉक रहता है। 60 वर्ष की आयु के बाद आप 60% फंड टैक्स-फ्री निकाल सकते हैं और बाकी 40% से एन्युटी खरीदनी होती है, जिससे हर महीने पेंशन मिलती है।
टैक्स लाभ: धारा 80C के तहत ₹1.5 लाख की छूट के अलावा, सेक्शन 80CCD(1B) के तहत ₹50,000 की अतिरिक्त टैक्स छूट मिलती है (कुल ₹2 लाख तक)।
EPF: नौकरीपेशा वर्ग की पहली पसंद
EPF विशेष रूप से सैलरीड कर्मचारियों के लिए बनाई गई एक बेहद सुरक्षित रिटायरमेंट योजना है। कर्मचारी की बेसिक सैलरी + DA का 12% हिस्सा EPF में जाता है, और उतना ही (12%) योगदान कंपनी/एंप्लॉयर द्वारा भी किया जाता है।
रिटर्न: यह पूरी तरह सुरक्षित और सरकारी गारंटी वाली स्कीम है। सरकार हर साल इसकी ब्याज दर तय करती है। वित्त वर्ष 2024-25 के लिए EPF पर 8.25% की दर से ब्याज तय किया गया था।
निकासी और टैक्स: रिटायरमेंट पर पूरी राशि निकाली जा सकती है। हालांकि, बीमारी, शादी, बच्चों की पढ़ाई या घर खरीदने जैसी स्थितियों में आंशिक निकासी की छूट मिलती है। धारा 80C के तहत इसमें ₹1.5 लाख तक टैक्स छूट मिलती है और मैच्योरिटी अमाउंट पूरी तरह से टैक्स-फ्री (EEE स्टेटस) होता है।
PPF: आम जनता के लिए सुरक्षित गारंटीड रिटर्न
PPF एक लॉन्ग-टर्म सेविंग स्कीम है, जिसे कोई भी भारतीय नागरिक चाहे नौकरीपेशा हो, बिजनेसमैन हो या फ्रीलांसर पोस्ट ऑफिस या बैंक में खोल सकता है। एक वित्त वर्ष में न्यूनतम ₹500 और अधिकतम ₹1.5 लाख तक जमा किए जा सकते हैं।
रिटर्न और ब्याज दर: सरकार हर तिमाही में PPF की ब्याज दरों की समीक्षा करती है। फिलहाल वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही के लिए PPF की ब्याज दर 7.1% है।
लॉक-इन पीरियड: PPF का मैच्योरिटी पीरियड 15 साल का होता है, जिसे बाद में 5-5 साल के ब्लॉक में आगे बढ़ाया जा सकता है। 5 से 7 साल पूरे होने के बाद विशेष शर्तों के तहत आंशिक निकासी संभव है।
टैक्स लाभ: PPF को EEE कैटेगरी का दर्जा हासिल है। यानी निवेश, मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी अमाउंट तीनों पूरी तरह टैक्स-फ्री होते हैं।
NPS vs EPF vs PPF: एक नजर में तुलना
आपके लिए कौन सा विकल्प है सबसे बेस्ट?
सुरक्षित रिटर्न चाहने वाले नौकरीपेशा: अगर आप सैलरीड हैं और बिना कोई रिस्क लिए तय और गारंटीड रिटर्न चाहते हैं, तो EPF आपके लिए सबसे बढ़िया विकल्प है।
बिना जोखिम के टैक्स सेविंग: अगर आप बिजनेसमैन या फ्रीलांसर हैं और सरकार समर्थित सुरक्षित निवेश चाहते हैं, तो PPF सबसे बेस्ट है।
ज्यादा रिटर्न और पेंशन का कॉम्बिनेशन: अगर आप थोड़ा रिस्क ले सकते हैं और रिटायरमेंट पर एकमुश्त राशि के साथ-साथ रेगुलर मंथली पेंशन भी चाहते हैं, तो NPS में निवेश करना एक समझदारी भरा फैसला होगा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।