शेयर बढ़ रहे हैं, मुनाफा रिकॉर्ड स्तर पर है, लेकिन इन चमकते आंकड़ों के पीछे एक कड़वी सच्चाई छिपी है। एक ही फैसले ने हजारों लोगों की जिंदगी अचानक बदल दी। किसी के घर की EMI अटक गई, किसी के इलाज की चिंता बढ़ गई, तो किसी को भविष्य की चिंता होने लगी। Oracle की हालिया छंटनी सिर्फ एक कॉर्पोरेट फैसला नहीं, बल्कि उन परिवारों की कहानी है जो एक ईमेल के साथ ही संकट में आ गए।
टेक दिग्गज Oracle ने 31 मार्च 2026 को एक बड़ा फैसला लेते हुए हजारों कर्मचारियों की नौकरी खत्म कर दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने 20,000 से 30,000 तक कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया, जो उसकी कुल वर्कफोर्स का करीब 18% है। इन छंटनियों का असर भारत में भी देखने को मिला, जहां करीब 12,000 लोग पर असर हुआ।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कई कर्मचारियों को इसकी जानकारी अचानक मिली। कुछ लोगों को सुबह-सुबह ईमेल आया, जबकि कई का सिस्टम एक्सेस अचानक बंद कर दिया गया। यानी एक दिन पहले तक जो कर्मचारी कंपनी का हिस्सा थे, अगले ही दिन वह बेरोजगार हो गए।
आंकड़ों के पीछे छिपी असली कहानी
यह सिर्फ नंबर नहीं हैं, बल्कि हजारों परिवारों की कहानी है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें एक कर्मचारी की हालत बताई गई है। 40 साल की उम्र, परिवार की जिम्मेदारी, पत्नी की सर्जरी आने वाली है और अब नौकरी भी नहीं रही। ऐसे कई लोग हैं जिनकी जिंदगी अचानक बदल गई है।
एक अन्य पोस्ट में किसी ने बताया कि कई ऐसे कर्मचारी, जिन्होंने 10-15 साल कंपनी को दिए, उन्हें भी बिना किसी चेतावनी के निकाल दिया गया। अब उनके फोन और ईमेल मदद की गुहार से भरे हैं। कोई रेफरल मांग रहा है तो कोई नई नौकरी की तलाश में है।
कंपनी का तर्क और लोगों की चिंता
Oracle का कहना है कि यह फैसला भविष्य में निवेश के लिए लिया गया है। कंपनी AI और डेटा सेंटर जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर खर्च बढ़ा रही है, जिसके लिए लागत कम करना जरूरी था। बताया जा रहा है कि इन छंटनियों से हर साल अरबों डॉलर की बचत होगी। लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि जब कंपनी का मुनाफा बढ़ रहा है और शेयर भी ऊपर जा रहे हैं, तो फिर इतनी बड़ी संख्या में लोगों को नौकरी से क्यों निकाला गया?
यह सिर्फ Oracle की कहानी नहीं
ऐसा नहीं है कि सिर्फ Oracle ही ऐसा कर रही है। पिछले कुछ सालों में Amazon, Google, IBM जैसी बड़ी कंपनियां भी हजारों कर्मचारियों को निकाल चुकी हैं, जबकि उनके मुनाफे में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि अब कर्मचारियों का भविष्य क्या होगा? खासकर वे लोग जो मिड-करियर में हैं, जिन पर घर-परिवार की जिम्मेदारी है। AI और नई तकनीक जहां कंपनियों के लिए फायदे का सौदा बन रही है, वहीं कर्मचारियों के लिए यह एक नई चुनौती बनती जा रही है।