भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 31 जनवरी को पेटीएम पेमेंट्स बैंक को 29 फरवरी 2024 से सभी बैंकिंग सर्विस को रोकने के के निर्देश दिये हैं। पेटीएम पेमेंट्स बैंक (Paytm Payment Bank) सभी तरह के कैश डिपॉजिट और पेमेंट बंद करने होंगे। इसके बाद कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक खातों में रखे गए सब्सक्राइबर के ईपीएफ खातों की जमा और क्रेडिट ट्रांजेक्शन पर प्रतिबंध लगा दिया है। 8 फरवरी 2024 के एक सर्कूलर में ईपीएफओ ने अपने सभी फील्ड ऑफिसों को 23 फरवरी 2024 से पेटीएम पेमेंट बैंक लिमिटेड में बैंक खातों से जुड़े क्लेम को स्वीकार करने से परहेज करने की सलाह दी।
पेटीएम पेमेंट बैंक से कर सकते थे EPF पेमेंट
दरअसल, पिछले साल ही ईपीएफओ ने अपने बैंकिंग सेक्शन को को पेटीएम पेमेंट बैंक और एयरटेल पेमेंट्स बैंक खातों में EPF पेमेंट करने की अनुमति देने का निर्देश दिया था।
पेटीएम की बढ़ रही है परेशानी
पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर आरबीआई के सर्कुलर में यह कहा गया है कि 29 फरवरी 2024 के बाद किसी भी ग्राहक के खाते, प्रीपेड इंस्ट्रूमेंट, वॉलेट, फास्टैग, NCMC कार्ड आदि में किसी भी ब्याज, कैशबैक या रिफंड के अलावा किसी भी जमा या क्रेडिट ट्रांजेक्शन या टॉपअप की इजाजत नहीं दी जाएगी, जिसे कभी भी क्रेडिट किया जा सकता है। ग्राहकों के सेविंग बैंक अकाउंट, करेंट अकाउंट, प्रीपेड इंस्ट्रूमेंट्स, फास्टैग, नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड आदि सहित अपने अकाउंट से बैलेंस अमाउंट तक निकालने या इस्तेमाल की इजाजत दी जाएगी।
पेटीएम के शेयरों में जारी है बिकवाली का दौर
9 फरवरी को लगातार दूसरे दिन पेटीएम के शेयरों में बिकवाली का दबाव है। शेयर बीएसई पर सुबह के कारोबार में पिछले बंद भाव से 8 प्रतिशत तक नीचे आ चुका है। अगर यह 10 प्रतिशत तक टूट गया तो इसमें एक बार फिर लोअर सर्किट लग जाएगा। बीएसई और एनएसई ने पेटीएम के शेयर के लिए सर्किट लिमिट को 20 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दिया है।