Personal Loan EMI: पर्सनल लोन कब लेना चाहिए और कब नहीं? समझिए पूरा हिसाब

Personal Loan EMI: पर्सनल लोन लेना आसान है, लेकिन हर स्थिति में सही नहीं। जानिए किन जरूरतों के लिए पर्सनल लोन लेना समझदारी है, किन मामलों में इससे बचना चाहिए और 5 लाख रुपये के लोन का पूरा ईएमआई हिसाब क्या कहता है।

अपडेटेड Jun 11, 2026 पर 2:54 PM
अगर कोई कोर्स, ट्रेनिंग या सर्टिफिकेशन आपकी कमाई बढ़ाने में मदद कर सकता है, तो उसके लिए लोन लेना सही हो सकता है।

Personal Loan EMI: आजकल पर्सनल लोन लेना पहले से कहीं आसान हो गया है। कई बैंक और फिनटेक कंपनियां कुछ मिनटों में लाखों रुपये तक का लोन देने का दावा करती हैं। मोबाइल पर एक नोटिफिकेशन आता है और कुछ क्लिक में पैसा खाते में पहुंच जाता है।

लेकिन सवाल यह है कि क्या हर जरूरत के लिए पर्सनल लोन लेना सही है? जवाब है नहीं। सही समय पर लिया गया पर्सनल लोन आपकी मदद कर सकता है, लेकिन गलत वजह से लिया गया लोन आपकी वित्तीय हालत कई सालों तक बिगाड़ सकता है।

पहले समझिए पर्सनल लोन होता क्या है


पर्सनल लोन एक ऐसा लोन है जिसके लिए आपको घर, सोना या कोई दूसरी संपत्ति गिरवी नहीं रखनी पड़ती। बैंक बिना किसी सिक्योरिटी के पैसा देता है। यही वजह है कि इसका ब्याज होम लोन या गोल्ड लोन की तुलना में ज्यादा होता है।

आज पर्सनल लोन पर ब्याज दर आमतौर पर 10% से 24% या उससे भी ज्यादा हो सकती है। इसलिए इसे लेने से पहले दो बार सोचने की जरूरत होती है।

कब पर्सनल लोन लेना समझदारी

मेडिकल इमरजेंसी : मान लीजिए परिवार में किसी की अचानक तबीयत खराब हो गई और इलाज के लिए तुरंत 5 लाख रुपये की जरूरत है। आपके पास इमरजेंसी फंड में केवल 2 लाख रुपये हैं। ऐसी स्थिति में इलाज टालने की बजाय पर्सनल लोन लेना बेहतर फैसला हो सकता है।

महंगे कर्ज से छुटकारा : अगर आपके ऊपर क्रेडिट कार्ड का बकाया है और उस पर 30% से 40% तक ब्याज लग रहा है, तो पर्सनल लोन मददगार साबित हो सकता है। क्यों पर्सनल लोन की ब्याज दर अमूमन इसके मुकाबले काफी कम होती है।

पढ़ाई या स्किल अपग्रे़ड : अगर कोई कोर्स, ट्रेनिंग या सर्टिफिकेशन आपकी कमाई बढ़ाने में मदद कर सकता है, तो उसके लिए लोन लेना सही हो सकता है। हालांकि एजुकेशन लोन मिल रहा हो, तो उसी को लेना चाहिए क्योंकि उसकी ब्याज दर आमतौर पर कम होती है।

घर की जरूरी मरम्मत : अगर घर में ऐसी समस्या आ गई है जिसे टाला नहीं जा सकता, जैसे छत टपक रही हो, पाइपलाइन खराब हो गई हो या बिजली की बड़ी दिक्कत हो, तो पर्सनल लोन एक विकल्प हो सकता है।

किन मामलों में न लें पर्सनल लोन

घूमने-फिरने के लिए : कई लोग विदेश यात्रा या महंगी छुट्टियों के लिए लोन ले लेते हैं। समस्या यह है कि छुट्टियां कुछ दिनों में खत्म हो जाती हैं, लेकिन उनकी ईएमआई कई साल तक चलती रहती है। ऐसे कामों के लिए आपको बचत करनी चाहिए।

शादी में दिखावा : देश में बहुत से लोग शादी में जरूरत से ज्यादा खर्च करने के लिए लोन लेते हैं। शादी जैसे मौकों के लिए आपको पहले से बचत करनी चाहिए। और जहां तक हो सके, गैरजरूरी दिखावों के लिए खर्च से बचना चाहिए।

लग्जरी सामान : मोबाइल, टीवी, लैपटॉप या दूसरी महंगी चीजें समय के साथ अपनी कीमत खोती जाती हैं। ऐसी चीजों के लिए महंगा पर्सनल लोन लेना अक्सर समझदारी नहीं माना जाता। इन्हें भी बचत से लेना ही बेहतर रहेगा, जब तक बहुत जरूरी न हो।

शेयर बाजार में निवेश : कुछ लोग लोन लेकर शेयर बाजार या क्रिप्टो में पैसा लगा देते हैं। यह बहुत जोखिम भरा फैसला हो सकता है। अगर बाजार गिर गया तो आपको नुकसान भी होगा और लोन की ईएमआई भी भरनी पड़ेगी।

कितना महंगा पड़ता है महंगा लोन

इसे आप एक आसान उदाहरण से समझ सकते हैं। अब मान लीजिए आपने 5 लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया। इसमें लोन की रकम 5 लाख रुपये है, 14% ब्याज पर 5 साल के लिए।

आपकी मासिक ईएमआई करीब 11,600 रुपये होगी। पांच साल में आप कुल लगभग 6.96 लाख रुपये चुकाएंगे। यानी 5 लाख रुपये का लोन लेने पर करीब 1.96 लाख रुपये सिर्फ ब्याज के रूप में चले जाएंगे। इसके अलावा भी प्रोसेसिंग फीस और अन्य चार्ज भी होते हैं। यही वजह है कि लोन लेते समय केवल ईएमआई नहीं, बल्कि कुल लागत भी देखनी चाहिए।

लोन लेने से पहले खुद से पूछे 3 सवाल

क्या यह जरूरत है या सिर्फ इच्छा?

कई बार हमें जो चीज जरूरी लगती है, वह वास्तव में सिर्फ हमारी इच्छा होती है। लोन लेने से पहले इस फर्क को समझना जरूरी है।

क्या मैं ईएमआई आराम से भर पाऊंगा?

आमतौर पर फाइनेंशियल एडवाइजर मानते हैं कि आपकी कुल ईएमआई आपकी मासिक आय के 30% से 40% से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। अगर ईएमआई का बोझ इससे ज्यादा हो रहा है, तो आपको दोबारा सोचने की जरूरत है।

क्या कोई सस्ता विकल्प मौजूद है?

हो सकता है आपके पास इमरजेंसी फंड हो, परिवार से मदद मिल सकती हो या कोई कम ब्याज वाला लोन उपलब्ध हो। पर्सनल लोन लेने से पहले सभी विकल्पों को देख लेना चाहिए।

Gold Price Today: 1.50 लाख रुपये से नीचे फिसला सोना, अब खरीदें, बेचें या होल्ड करें?

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।