पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डिवेलपमेंट पेंशन सिस्टम (PFRDA) एक गारंटी वाले पेंशन प्रोग्राम (Pension Programme) को शुरू करने पर विचार कर रहा है। इसे नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के तहत 30 सितंबर से लॉन्च किया जा सकता है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी।
PFRDA के चेयरपर्सन सुप्रतीम बंदोपध्याय ने बताया कि PFRDA हमेशा महंगाई और रुपये की वैल्यू में गिरावट से जेब पर पड़ने वाले असर को समझता है और इसके मुताबिक वह निवेशकों को महंगाई अनुकूल रिटर्न देता है।
उन्होंने शुक्रवार को बेंगलुरू में संवाददाताओं से कहा, "न्यूनतम गारंटी रिटर्न योजना पर काम चल रहा है। उम्मीद है कि हम 30 सितंबर से इसे शुरू कर सकते हैं।" सुप्रतीम बंदोपध्याय ने बताया, " पिछले 13 सालों की अवधि में हमने 10 फीसदी (10.27 %) से अधिक की दर से सालाना चक्रवृद्धि ब्याज (CAGR) दिया है। हमने हमेशा निवेशकों को महंगाई को मात देने वाला रिटर्न दिया है।"
PFRDA के चेयरपर्सन ने कहा कि पेंशन एसेट्स के साइज 35 लाख करोड़ रुपये है, जिसमें से 22 फीसदी यानी कुल 7.72 लाख करोड़ रुपये नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के पास है, जबकि 40 फीसदी फंड EPFO के पास है।
बंद्योपाध्याय ने बताया कि इस साल सब्सक्राइबर्स की संख्या 3.41 लाख से बढ़कर 9.76 लाख हो गई है। उन्होंने मौजूदा वित्त वर्ष में सब्सक्राइबर्स की संख्या में 20 लाख की बढ़ोतरी का अनुमान जताया।
क्या है नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS)?
सदगोपन ने कहा कि एनपीएस एक मार्केट लिंक्ड प्रोडक्ट (Market Linked Product) है। इसके रिटर्न में उतार-चढ़ाव हो सकता है। एनपीएस में आप दो अकाउंट खोल सकते हैं-टियर 1 और टियर 2। टियर 2 अकाउंट सेविंग अकाउंट है। यह स्वैच्छिक है। इसमें से पैसे निकालने पर कोई पाबंदी नहीं है। टियर 1 अकाउंट मुख्य रिटायरमेंट अकाउंट है। इससे पैसे निकालने के नियम को समझ लेना जरूरी है। आप रिटायरमेंट से पहले इस अकाउंट से आंशिक निकासी कर सकते हैं। इसका मतलब है कि थोड़ा पैसा निकाल सकते हैं। लेकिन, इसके लिए कुछ शर्तें हैं।
पांच साल पूरे होने पर इस अकाउंट से आप अपने कंट्रिब्यूशन का 25 फीसदी निकाल सकते हैं। इसके लिए पहले से कुछ कारण तय हैं। इनमें-बीमारी का इलाज, विकलांगता, बच्चों की शादी या शिक्षा और प्रॉपर्टी खरीदना शामिल हैं। अच्छी बात यह है कि अगर आप कोई नया उद्यम शुरू करने जा रहे हैं तो भी आप इस अकाउंट से पैसा निकाल सकते हैं। इनवेस्टमेंट के कुल पीरियड में आपको मैक्सिमम तीन बार पैसे निकालने की इजाजत होगी।