PM Kisan 22nd Installment: किसानों को पीएम किसान योजना की 22वीं किश्त आने का लंबे समय से इंतजार है। किसानों को लग रह है कि सरकार होली से पहले पीएम किसान का पैसा बैंक खातों में ट्रांसफर कर देगी। होली आने में 10 दिन से भी कम समय बचा है। सरकार की तरफ से भी अभी तक 22 किश्त ट्रांसफर करने की तारीख को लेकर कोई ऐलान भी नहीं किया गया है। पिछली किश्त 19 नवंबर 2025 को जारी की गई थी। नियम के मुताबिक अगली किश्त 31 मार्च से पहले जारी होनी चाहिए।
उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र के कई इलाकों में किसान उम्मीद जता रहे हैं कि त्योहार से पहले पैसा मिल जाए तो खर्च में राहत मिलेगी। कुछ किसान रबी की फसल कटाई के खर्च की तैयारी कर रहे हैं। वहीं कुछ को होली और ईद जैसे त्योहारों की चिंता है। ऐसे में पीएम किसान का पैसा मिलने से उन्हें राहत मिलेगी।
क्या होली से पहले आएगी किश्त?
अगर पिछले सालों का रिकॉर्ड देखें तो फरवरी के आखिरी हफ्ते में किश्त जारी होने की संभावना रहती है। साल 2025 में फरवरी के अंत में 19वीं किश्त भेजी गई थी। 2024 में भी 28 फरवरी को किसानों के खातों में रकम ट्रांसफर हुई थी। 2023 में 27 फरवरी को किश्त जारी हुई थी। इस ट्रेंड को देखते हुए अनुमान है कि इस बार भी फरवरी के अंत या मार्च की शुरुआत में पेमेंट हो सकता है। हालांकि सरकार की ओर से अभी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है।
दिसंबर से मार्च के बीच हर साल करोड़ों किसानों को इस योजना का लाभ मिलता रहा है। हाल के सालों में करीब 9 से 10 करोड़ किसानों के खातों में 2,000 रुपये का अमाउंट सीधे ट्रांसफर किया गया है।
कौन उठा सकता है योजना का फायदा
योजना का लाभ वही किसान ले सकते हैं जिन्होंने ई-केवाईसी और रजिस्ट्रेशन का प्रोसेस पूरा कर लिया है। जिन किसानों ने 1 फरवरी 2019 के बाद जमीन खरीदी है या जिनके परिवार के एक से अधिक सदस्य योजना में रजिस्टर हैं, उनकी किश्त रोकी जा सकती है।
किसान 22वीं किश्त से जुड़ी ताजा जानकारी आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर देख सकते हैं। इस योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपये तीन बराबर किस्तों में दिए जाते हैं। प्रत्येक किश्त 2,000 रुपये की होती है, जो सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है।