प्रधानमंत्री किसान योजना (Pradhan Kisan Yojana) से जुड़े कामों को आज ही निपटा लें नहीं तो आपको दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। केंद्र सरकार ने किसान योजना का लाभ पाने के लिए अनिवार्य eKYC की डेडलाइन बढ़ा दी थी। पीएम किसान पोर्टल (pmkisan.gov.in) पर दी गई जानकारी के अनुसार, सभी PMKISAN लाभार्थियों के लिए eKYC की डेडलाइन 31 जुलाई 2022 तक बढ़ा दी गई है। पहले इसकी समय सीमा 31 मई, 2022 थी।
हजारों किसान 11वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं। अब तक किसानों के बैंक खाते में 10 किस्त पहुंच चुकी है। ऐसा माना जा रहा है कि सरकार महीने के अंत तक किसानों के खाते में 11वीं किस्त ट्रांसफर कर सकती है। आपको बता दें कि केंद्र ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के सभी लाभार्थियों को जल्द से जल्द e-KYC पूरा करने को भी कहा है ताकि उन्हें 11वीं किस्त के रूप में 2,000 रुपये बिना किसी देरी के मिल सके।
पीएम किसान सम्मान निधि के तहत पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपये मिलते हैं जो प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से उनके बैंक खाते में भेजे जाते हैं। साल में तीन बार दो हजार रुपये किसानों के खाते में भेजी जाती है।
किसान मोबाइल ऐप की मदद से या लैपटॉप या कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे e-KYC पूरा कर सकते हैं। ऑनलाइन ईकेवाईसी पूरा करने के लिए नीचे दिए गए स्टेप्स का पालन करें।
- इसके लिए सबसे पहले पीएम किसान पोर्टल https://pmkisan.gov.in/ पर जाएं।
- यहां आपको फार्मर कॉर्नर (Farmers corner) पर सबसे पहले eKYC का लिंक दिखेगा, लिंक पर क्लिक करते ही आपसे आधार नंबर मांगा जाएगा।
- फिर आप अपना आधार नंबर और इमेज कोड डालकर सर्च बटन पर क्लिक करें। इसके बाद मोबाइल नंबर दर्ज करें। ध्यान देने वाली बात यह है कि आपको वही नंबर दर्ज करना है जोकि आधार से लिंक हो।
- इसके बाद OTP डालें। इसके साथ ही आपका eKYC पूरा हो जाएगा। अगर e-KYC पूरा करने में आपको कोई समस्या आती है तो आधार सेवा केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं।