PM Kisan 22nd Installment: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan) योजना की 22वीं किश्त का इंतजार देश के करोड़ों किसान कर रहे हैं। इस योजना के तहत केंद्र सरकार पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक मदद देती है। यह रकम डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है। यह अमाउंट साल में तीन किस्तों में दी जाती है। अब तक सरकार किसानों के खातों में 21 किस्तें भेज चुकी है।
पिछली यानी 21वीं किश्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर को तमिलनाडु के कोयंबटूर से जारी की थी। उस समय करीब 9 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में 18,000 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे। इस योजना के तहत अब तक किसानों को कुल मिलाकर 4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की अमाउंट दी जा चुकी है।
PM Kisan योजना के तहत पात्र किसानों को हर चार महीने में 2,000 रुपये मिलते हैं। यानी साल में तीन बार यह अमाउंट दी जाती है। पहली किश्त अप्रैल से जुलाई, दूसरी अगस्त से नवंबर और तीसरी दिसंबर से मार्च के बीच जारी की जाती है। यह पैसा सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जाता है।
इस योजना की घोषणा 2019 के अंतरिम बजट में उस समय के वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने की थी। बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे लॉन्च किया। आज यह दुनिया की सबसे बड़ी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजनाओं में से एक मानी जाती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक PM Kisan की 22वीं किश्त इसी महीने जारी की जा सकती है। हालांकि सरकार की ओर से अभी इसकी आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है। इसलिए किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे अपनी पात्रता, e-KYC और लाभार्थी स्टेटस जरूर चेक कर लें।
कौन किसान इस योजना के लिए पात्र हैं?
PM Kisan योजना का लाभ लेने के लिए किसान को भारत का नागरिक होना चाहिए और उसके पास खेती योग्य जमीन होनी चाहिए। यह योजना छोटे और सीमांत किसानों के लिए बनाई गई है। जो व्यक्ति 10,000 रुपये या उससे ज्यादा पेंशन पाता है, इनकम टैक्स भरता है या संस्थागत जमीन का मालिक है, वह इस योजना के लिए पात्र नहीं माना जाता।
सरकार ने PM Kisan योजना के लिए e-KYC अनिवार्य कर दिया है। किसान PM Kisan पोर्टल पर OTP के जरिए e-KYC कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी CSC सेंटर पर जाकर बायोमेट्रिक e-KYC भी करवाई जा सकती है।
कैसे चेक करें लाभार्थी स्टेटस
किसान pmkisan.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं। वेबसाइट पर Know Your Status विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड डालकर Get Data पर क्लिक करें। इससे आपके खाते की स्थिति स्क्रीन पर दिख जाएगी।
अगर कोई किसान पहली बार आवेदन करना चाहता है तो वह वेबसाइट पर New Farmer Registration विकल्प पर क्लिक करके आधार नंबर और जरूरी जानकारी भरकर आवेदन कर सकता है। योजना से जुड़ी जानकारी के लिए किसान हेल्पलाइन नंबर 155261 या 011-24300606 पर भी संपर्क कर सकते हैं।