PM Kisan: आपके खाते में कब आएंगे अगले ₹2000? पीएम किसान की 23वीं किस्त पर आ गया ये बड़ा अपडेट
PM Kisan 23rd Installment: पीएम किसान योजना के तहत सरकार योग्य किसानों को हर साल ₹6000 की आर्थिक सहायता देती है, जो ₹2000 की तीन समान किश्तों में सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है। जानिए 23वीं किस्त का पैसा कब तक आ सकता है और इसका लाभ उठाने के लिए आपको कौन से काम तुरंत पूरे कर लेने चाहिए
सरकार हर चार महीने के अंतराल पर किसानों के खाते में ₹2000 ट्रांसफर करती है
PM Kisan Samman Nidhi: देश के करोड़ों किसानों के लिए एक अच्छी खबर है। 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि' (PM Kisan) की अगली किस्त को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। सरकार की तरफ से 22वीं किस्त जारी किए जाने के बाद अब किसानों को अपनी 23वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार है।
इस योजना के तहत सरकार योग्य किसानों को हर साल ₹6000 की आर्थिक सहायता देती है, जो ₹2000 की तीन समान किश्तों में सीधे बैंक खातों (DBT) में ट्रांसफर की जाती है। आइए जानते हैं कि 23वीं किस्त का पैसा कब तक आ सकता है और इसका लाभ उठाने के लिए आपको कौन से काम तुरंत कर लेने चाहिए।
कब आएगी पीएम किसान की 23वीं किस्त?
पीएम किसान योजना के नियमों के मुताबिक, सरकार हर चार महीने के अंतराल पर किसानों के खाते में ₹2000 ट्रांसफर करती है। ये किस्तें हर साल तीन अवधियों- अप्रैल-जुलाई, अगस्त-नवंबर और दिसंबर-मार्च के दौरान जारी की जाती हैं।
चूंकि सरकार ने इससे पहले मार्च में ही गुवाहाटी से 22वीं किस्त के रूप में 9.32 करोड़ से अधिक किसानों को ₹18640 करोड़ जारी किए थे, इसलिए अगली यानी 23वीं किस्त जुलाई 2026 में रिलीज होने की उम्मीद है। हालांकि, सरकार की तरफ से अभी तक किसी निश्चित तारीख का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
योजना का लाभ लेने के लिए कौन है पात्र?
पीएम किसान की 23वीं किस्त का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जो नीचे दी गई शर्तों को पूरा करते हैं:
वह भारत का नागरिक होना चाहिए।
किसान के पास खुद की खेती योग्य जमीन होनी चाहिए।
वह छोटा या सीमांत किसान होना चाहिए।
किसान कोई संस्थागत जमीन धारक नहीं होना चाहिए।
वह इनकम टैक्स न भरता हो।
वह ऐसा रिटायर्ड कर्मचारी न हो जिसे हर महीने ₹10,000 या उससे अधिक की पेंशन मिलती हो।
किस्त अटकने से बचानी है, तो ये काम है जरूरी
अगर आप इस योजना से जुड़े हैं, तो आपको तुरंत अपना ई-केवाईसी (e-KYC) पूरा कर लेना चाहिए, वरना आपकी अगली किस्त रुक सकती है। आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, सभी रजिस्टर्ड किसानों के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है।
घर बैठे करें e-KYC: आप पीएम किसान पोर्टल पर जाकर ओटीपी आधारित ई-केवाईसी खुद कर सकते हैं।
बायोमेट्रिक e-KYC: अगर आपके आधार से मोबाइल नंबर लिंक नहीं है, तो आप पास के कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर बायोमेट्रिक के जरिए इसे पूरा करवा सकते हैं।
लिस्ट में अपना नाम कैसे चेक करें?
अगर आप यह देखना चाहते हैं कि लाभार्थियों की सूची में आपका नाम है या नहीं, तो इन स्टेप्स को फॉलो करें:
स्टेप 2: होमपेज पर दाईं ओर दिख रहे 'Beneficiary List' टैब पर क्लिक करें।
स्टेप 3: अब ड्रॉप-डाउन मेनू से अपने राज्य, जिले, उप-जिले, ब्लॉक और गांव का चयन करें।
स्टेप 4: इसके बाद 'Get Report' पर क्लिक करते ही आपके गांव की पूरी लिस्ट स्क्रीन पर आ जाएगी।
अपना बेनेफिशियरी स्टेटस कैसे जानें?
पीएम किसान पोर्टल पर जाकर 'Know Your Status' के विकल्प को चुनें।
अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें, कैप्चा कोड भरें और 'Get Data' पर क्लिक करें।
आपके आवेदन और पिछली किस्तों का पूरा स्टेटस आपके सामने आ जाएगा।
अगर आपको योजना से जुड़ी कोई अन्य समस्या या शिकायत है, तो आप पीएम किसान के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबरों- 155261 या 011-24300606 पर फोन कर मदद ले सकते हैं।
नए किसान ऐसे कर सकते हैं आवेदन
अगर आप पहली बार इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, तो ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं:
आधिकारिक पोर्टल पर जाकर 'New Farmer Registration' पर क्लिक करें।
अपनी पहचान से जुड़ी आवश्यक जानकारी और कैप्चा दर्ज कर आगे बढ़ें।
इसके बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई जमीन और बैंक अकाउंट से जुड़ी सभी डिटेल्स सही-सही भरकर फॉर्म को सेव कर लें। भविष्य के संदर्भ के लिए इसका एक प्रिंटआउट जरूर निकाल लें।