PM KISAN: किसानों के खाते में आज आएंगे ₹2,000, पैसे पाने के लिए तुरंत निपटा लें ये 3 जरूरी काम

PM Kisan 24th Installment: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात से पीएम किसान सम्मान निधि की अगली किस्त जारी करेंगे। देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में सीधे ₹2,000 ट्रांसफर किए जाएंगे। वैसे जिन किसानों ने अभी तक अपनी ई-केवाईसी पूरी नहीं की है, उनकी यह किस्त अटक सकती है। ऑनलाइन स्टेटस चेक करने का तरीका और किन कारणों से रुक सकता है आपका पैसा? जानिए

अपडेटेड Oct 30, 2026 पर 11:40 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जिन किसानों ने अभी तक अपनी ई-केवाईसी पूरी नहीं की है, उनकी यह किस्त अटक सकती है

PM Kisan Samman Nidhi: देश के करोड़ों किसानों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 30 अक्टूबर को किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त पात्र किसानों के खातों में ट्रांसफर करेंगे। गुजरात से जारी होने वाली इस किस्त के तहत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में ₹2,000 सीधे डीबीटी के जरिए भेजे जाएंगे।

इस योजना के तहत सरकार किसानों को हर साल ₹ 6,000 की आर्थिक मदद तीन समान किस्तों में देती है। यह पैसा केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जो योजना के सभी मानदंडों को पूरा करते हैं।

खाते में पैसे आने से पहले जरूर चेक कर लें स्टेटस


अगर आप भी इस योजना के लाभार्थी हैं, तो अपना स्टेटस घर बैठे आसानी से ऑनलाइन चेक कर सकते हैं:

  • सबसे पहले पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
  • होमपेज पर दिए गए 'लाभार्थी स्टेटस' के विकल्प पर क्लिक करें।
  • इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या अन्य मांगी गई जरूरी जानकारी दर्ज करें।
  • 'गेट डेटा' पर क्लिक करते ही आपके सामने पेमेंट और किस्त से जुड़ी पूरी डिटेल आ जाएगी।

बिना इस काम के अटक सकता है आपका पैसा

योग्य होने के बावजूद कई बार किसानों के खाते में किस्त के पैसे नहीं पहुंचते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह ई-केवाईसी का अधूरा होना है। सरकार ने सभी किसानों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य किया है। अगर आपने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, तो तुरंत इसे पूरा कर लें, अन्यथा आपकी किस्त रुक सकती है।

OTP आधारित ई-केवाईसी: आप पीएम किसान पोर्टल या मोबाइल ऐप के जरिए आधार लिंक्ड मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी से घर बैठे ई-केवाईसी कर सकते हैं।

बायोमेट्रिक ई-केवाईसी: आप अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर बायोमेट्रिक तरीके से भी इसे पूरा करवा सकते हैं।

फेस ऑथेंटिकेशन: पीएम किसान मोबाइल ऐप की मदद से चेहरे की पहचान के जरिए भी ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है।

किन किसानों को नहीं मिलेगा योजना का लाभ?

योजना के नियमों के तहत कुछ खास श्रेणियों के किसानों को इस किस्त का फायदा नहीं मिलेगा:

1 फरवरी 2019 के बाद जमीन खरीदने वाले: अगर किसी किसान ने 1 फरवरी 2019 के बाद कृषि योग्य भूमि खरीदी है, तो वे इस योजना के दायरे में नहीं आएंगे।

पारिवारिक नियम: अगर एक ही परिवार (पति-पत्नी और नाबालिग बच्चे) में एक से अधिक व्यक्ति इस योजना का लाभ ले रहा है, तो केवल एक को ही यह राशि मिलेगी। परिवार के अन्य सदस्यों को किस्त ट्रांसफर नहीं की जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।