PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना: 78000 रुपये की सब्सिडी लेकर सोलर से AC, फ्रीज, कूलर, वॉशिंग मशीन सब चला रहे धर्मपाल शर्मा, फुल स्कीम जानिए
PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana: PM सूर्य घर योजना के तहत लाभार्थियों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलती है। योजना की सबसे बड़ी यूएसपी यह है कि सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार बहुत तगड़ी सब्सिडी देती है, जिससे आम आदमी पर शुरुआती खर्च का बोझ बेहद कम हो जाता है
अगर आपके पास सोलर पैनल लगवाने के लिए शुरुआती फंड नहीं है, तो भी आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है
PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana Case Study: राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी डॉ. धर्मपाल शर्मा की यह कहानी आज देश के करोड़ों मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए एक मिसाल बन चुकी है। धर्मपाल जी ने केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाते हुए अपने घर पर 5 किलोवाट का रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवाया। इस पर उन्हें सरकार की तरफ से ₹78000 की मोटी सब्सिडी मिली और अब उनके घर का बिजली बिल लगभग शून्य हो चुका है। आइए जानते हैं धर्मपाल शर्मा की बिजली बिल जीरो करने के पीछे की पूरी कहानी।
सोलर पैनल से चल रहा है पूरा घर
डॉ. धर्मपाल शर्मा के मुताबिक, उनके घर में भारी लोड वाले उपकरण जैसे एयर कंडीशनर (AC), गीजर, वॉशिंग मशीन, फ्रिज और कूलर लगातार चलते थे, जिसकी वजह से हर महीने बिजली का मोटा बिल आता था। इस समस्या से निजात पाने के लिए उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना के तहत आवेदन किया।
5 किलोवाट का सिस्टम: उन्होंने अपने घर की छत पर 5 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगवाया।
₹78000 की डायरेक्ट सब्सिडी: इस प्लांट को लगवाने पर उन्हें सरकार के नियमों के मुताबिक ₹78000 की बैंक सब्सिडी सीधे उनके खाते में मिल गई।
शून्य बिजली बिल का सुख: सौर ऊर्जा के कारण अब उनके घर में दिनभर धूप से ही बिजली बनती है और सारे उपकरण मुफ्त में चलते हैं। जो अतिरिक्त बिजली बनती है, वह ग्रिड में चली जाती है। नतीजा यह है कि अब उनका बिजली बिल न के बराबर आता है।
क्या है पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना?
केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना का लक्ष्य देश के 1 करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाना है। इसके तहत लाभार्थियों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलती है। योजना की सबसे बड़ी यूएसपी यह है कि सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार बहुत तगड़ी सब्सिडी देती है, जिससे आम आदमी पर शुरुआती खर्च का बोझ बेहद कम हो जाता है।
सब्सिडी का पूरा गणित: किस सिस्टम पर कितनी मिलेगी छूट?
सरकार ने इस योजना के तहत सब्सिडी के नियम बेहद साफ और पारदर्शी रखे हैं, जो इस प्रकार हैं:
1 किलोवाट (1 kW) सिस्टम के लिए: ₹30000 की सब्सिडी। यह छोटे घरों के लिए उपयुक्त है जहां केवल पंखे, लाइट और टीवी चलते हैं।
2 किलोवाट (2 kW) सिस्टम के लिए: ₹60000 की सब्सिडी।
3 किलोवाट या उससे अधिक (3 kW+) के लिए: अधिकतम ₹78000 की सब्सिडी मिलती है।
डॉ. धर्मपाल शर्मा ने 5 किलोवाट का सिस्टम लगाया था, लेकिन नियमानुसार इस योजना के तहत अधिकतम सब्सिडी की सीमा ₹78000 ही तय की गई है, जो उन्हें पूरी मिल गई।
लोन की भी है सुविधा, जेब से नहीं लगाना होगा मोटा पैसा
अगर आपके पास सोलर पैनल लगवाने के लिए शुरुआती फंड नहीं है, तो भी आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। सरकार ने इसके लिए बैंकों के साथ मिलकर बेहद आसान और सस्ते कोलैटरल-फ्री लोन की व्यवस्था की है। इस लोन की ब्याज दरें बेहद कम जो करीब 7% के आसपास रखी गई हैं, और इसकी किस्त भी आपके द्वारा बचाई गई बिजली के खर्च से आसानी से पूरी हो जाती है।
आवेदन कैसे करें?
अगर आप भी धर्मपाल शर्मा की तरह अपने घर का बिजली बिल जीरो करना चाहते हैं, तो इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें:
रजिस्ट्रेशन: योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmsuryaghar.gov.in पर जाएं। अपने राज्य, बिजली वितरण कंपनी का नाम और अपना बिजली उपभोक्ता नंबर डालकर रजिस्ट्रेशन करें।
आवेदन: लॉग इन करने के बाद 'रूफटॉप सोलर' के लिए अप्लाई करें।
डिस्कॉम से मंजूरी: आपकी बिजली कंपनी आपके आवेदन की व्यवहार्यता की जांच कर मंजूरी देगी।
इंस्टॉलेशन: मंजूरी मिलने के बाद, डिस्कॉम के साथ रजिस्टर्ड किसी भी वेंडर से अपने घर की छत पर सोलर सिस्टम लगवाएं।
नेट मीटरिंग और सब्सिडी: काम पूरा होने पर नेट मीटरिंग के लिए अप्लाई करें। डिस्कॉम द्वारा निरीक्षण के बाद जब नेट मीटर सर्टिफिकेट जारी होगा, तो आपको पोर्टल पर अपने बैंक खाते की डिटेल भरनी होगी। इसके 30 दिनों के भीतर सब्सिडी सीधे आपके बैंक खाते में आ जाएगी।
AC भी चल रहा है, फ्रिज भी चल रहा है, कूलर भी, पंखे भी, वॉशिंग मशीन भी और गीजर भी... लेकिन जो नहीं चल रहा, वह है बिजली का भारी-भरकम बिल!
राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी डॉ. धर्मपाल शर्मा ने पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत 5 किलोवाट का रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवाया, ₹78,000 की… pic.twitter.com/BeqlT5BWei — Ministry of New and Renewable Energy (MNRE) (@mnreindia) June 30, 2026