Property: लंबे पीरियड के लिए निवेश की ताकत क्या होती है? ये जमीन के मामले में साफ नजर आती है। करीबन 36 साल पहले 15000 रुपये एकड़ में खरीदी जमीन 12.50 करोड़ रुपये प्रति एकड़ में बिक गई। जमीन खरीदने और बेचने से जुड़ी ये एक कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इसमें बताया गया है कि कैसे एक व्यक्ति के चाचा ने सालों पहले बहुत कम कीमत पर जमीन खरीदी लेकिन अब उसकी कीमत करोड़ों में पहुंच गई। एक व्यक्ति ने 4 एकड़ जमीन 60000 रुपये में खरीदी और उसमें 2 एकड़ जमीन 25 करोड़ रुपये में बेच दी।
यह चर्चा तब शुरू हुई जब एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने शहर की एक सच्ची घटना शेयर की। पोस्ट के मुताबिक उसके चाचा ने 1990 में 4 एकड़ जमीन खरीदी थी। उस समय जमीन की कीमत 15 हजार रुपये प्रति एकड़ थी। यानी कुल निवेश केवल 60 हजार रुपये का था।
पोस्ट में बताया गया कि समय के साथ उस इलाके में तेजी से विकास हुआ। सड़कें, बाजार और अन्य सुविधाएं बढ़ीं। बाद में वही छोटा शहर एक जिला मुख्यालय बन गया। इससे आसपास की जमीनों की कीमत भी तेजी से बढ़ने लगी। आखिरकार एक रिटेल कंपनी DMart ने उस जमीन में से 2 एकड़ जमीन करीब 25 करोड़ रुपये में खरीद ली।
पैसे को एफडी में किया निवेश
पोस्ट में आगे बताया गया कि जमीन बेचने के बाद व्यक्ति के चाचा ने यह पैसा बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में लगा दिया। बताया गया कि इस रकम से उन्हें करीब 14.5 लाख रुपये प्रति महीने ब्याज मिल रहा है। पोस्ट में यह भी कहा गया कि कभी-कभी बड़ी संपत्ति अचानक नहीं बनती, बल्कि सही निवेश को लंबे समय तक संभालकर रखने से बनती है।
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया
यह पोस्ट 12 मार्च को शेयर की गई थी और इसे तीन लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। कई यूजर्स ने इस कहानी पर अपनी राय भी दी। एक यूजर ने लिखा कि समय किसी भी अच्छे एसेट को बड़ी दौलत में बदल सकता है। वहीं कुछ लोगों ने इस कहानी पर संदेह भी जताया और कहा कि ऐसी पोस्ट अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती हैं। कई यूजर्स ने यह भी कहा कि जमीन की कीमत हमेशा एक जैसी नहीं बढ़ती। यह लोकेशन, विकास और किस्मत पर भी निर्भर करती है।