रियल एस्टेट प्रमुख DLF ने गुड़गांव (Gurgaon) में एक नया लक्जरी प्रोजेक्ट (Luxury Project) शुरू किया। कंपनी का ये नया प्रोजेक्ट खरीदारों के बीच काफी पॉपुलर साबित हो रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि कंपनी के दफ्तर में इन दिनों ऐसे लोगों काफी भीड़ देखने को मिली, जो इस प्रोजेक्ट में रुचि रखते हैं। इसकी एक तस्वीर सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल है। उम्मीद है कि कंपनी तीन दिनों के भीतर 1,137 फ्लैट बेच देगी।
वीकेंड इन्वेस्टिंग के फाउंडर आलोक जैन ने DLF ऑफिस में कतार में खड़े लोगों की एक तस्वीर शेयर की और ट्वीट किया, "रियल एस्टेट में मंदी कहां है?"
बाद में, जैन ने कहा कि एक DLF ब्रोकर ने उन्हें बताया कि 1,137 फ्लैट्स का पूरा प्रोजेक्ट तीन दिनों में बिक गया। हर एक फ्लैट की 7 करोड़ रुपए है।
आर्बर नाम का ये प्रोजेक्ट लगभग 10 सालों के बाद DLF का पहला हाई-राइज कॉन्डोमिनियम है। कंपनी का आखिरी प्रोजेक्ट, क्रेस्ट और कैमेलियास था। कंपनी DLF सिटी, न्यू गुड़गांव और पंचकुला में लो राइज इंडिपेंडेंट फ्लोर के जरिए कैश जनरेट करने पर ध्यान दे रही है। पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए, कुछ ट्विटर यूजर्स ने कहा कि ज्यादातर फ्लैट दलालों ने खरीदे होंगे।
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के राष्ट्रीय सचिन सुमित अग्रवाल ने लिखा, "90 प्रतिशत निवेशकों/दलालों के कुछ ग्रुप इन्हें खरीदते हैं। क्या आप गुड़गांव गोल्फ कोर्स पर कैमेलियास गए हैं? DLF से सब कुछ बिक चुका है। शाम को जाओ और देखो कि कितने अपार्टमेंट की लाइटें चालू हैं। 40 प्रतिशत से भी कम निवासी वहां रहते हैं, जिनमें से आधे किराए पर हैं!"
एक CA कानन बहल ने पोस्ट पर कॉमेंट किया, "ये सच हो सकता है, लेकिन दलाल और बिल्डर हमेशा इस FOMO को बनाते हैं। दिल्ली के DLF किंग्स कोर्ट, जो दिल्ली NCR में टॉप लक्जरी प्रोजेक्ट है, उसके PS में प्राइमरी बिक्री के लिए अभी भी कई फ्लैट उपलब्ध हैं। जबकि प्रोजेक्ट 2011 में शुरू हुआ था।"
सूत्रों के मुताबिक, DLF का हालिया प्रोजेक्ट, आर्बर, सेक्टर 63, गुड़गांव में है और 25.8 एकड़ के क्षेत्र में फैली हुई है। इसमें केवल पांच टावर शामिल हैं। ये ग्राउंड प्लस 39 फ्लोर हैं। अपार्टमेंट 18,000 रुपए प्रति वर्ग फुट के हिसाब से बेचे जा रहे थे और हर एक फ्लैट का साइज 3,900 वर्ग फुट है। खरीदारों को इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग सुविधा के साथ प्रति अपार्टमेंट तीन पार्किंग बे का ऑप्शन भी दिया गया है।