DDA Karmayogi Awaas Yojana Last Date to Apply: देश की राजधानी दिल्ली में अपना घर खरीदने की योजना बना रहे सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए एक बड़ी खबर है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने अपनी लोकप्रिय डीडीए कर्मयोगी आवास योजना 2026' के तहत फ्लैट बुक करने की आखिरी तारीख बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी है। यानी अब इच्छुक खरीदारों के पास अब राष्ट्रीय राजधानी में घर बुक करने के लिए पूरा महिना पड़ा है।
इस स्कीम की सबसे स्पेशल बात यह है कि फ्लैटों का आवंटन 'पहले आओ, पहले पाओ' (First-Come-First-Served) के आधार पर किया जा रहा है। यानी जो जिस हिसाब से अप्लाई करेगा उसे उसी हिसाब से घर मिलेगा। इसलिए खरीदारों को लकी ड्रॉ का इंतजार नहीं करना होगा। हालांकि, इसका मतलब यह भी है कि पसंद का फ्लैट पहले ही किसी दूसरे खरीदार को मिल सकता है।
क्या है DDA कर्मयोगी आवास योजना?
यह आवास योजना मुख्य रूप से सेवारत और रिटायर हो चुके सरकारी कर्मचारियों को सस्ता घर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। स्कीम के तहत चुनिंदा फ्लैटों पर 25 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। दिल्ली में निजी प्रॉपर्टी की बढ़ती कीमतों के बीच DDA की यह योजना सरकारी कर्मचारियों के लिए अन्य के मुकाबले काफी किफायती विकल्प उपलब्ध कराने की एक शुरुआत है।
30 सितंबर तक बुकिंग का मौका
DDA ने 1 सितंबर के सर्कुलर के जरिए योजना की आखिरी बुकिंग तारीख बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी है। लेकिन खरीदारों को यह समझना जरूरी है कि तारीख बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि सभी फ्लैट 30 सितंबर तक उपलब्ध रहेंगे। दरअसल, डीडीए फ्लैट का इंतजार सभी को रहता है। ऐसे में आवंटन 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर है, इसलिए पसंद का घर इससे पहले ही बुक हो सकता है।
फ्लैट पर 25 प्रतिशत की छूट आकर्षक जरूर है। लेकिन खरीदार को केवल डिस्काउंट देखकर फैसला नहीं करना चाहिए। फ्लैट की कुल लागत में कई अन्य खर्च भी जुड़ सकते हैं। बुकिंग से पहले रजिस्ट्रेशन, स्टांप ड्यूटी, लागू टैक्स, DDA के अन्य चार्ज, मेंटेनेंस, बिजली-पानी और होम लोन से जुड़े खर्चों को भी ध्यान में रखना चाहिए। यानी वास्तविक बजट तय करते समय सिर्फ फ्लैट की डिस्काउंट वाली कीमत नहीं। बल्कि कुल भुगतान का हिसाब लगाना जरूरी है।
नरेला में लगातार बढ़ाए गए फ्लैट
योजना की शुरुआत में नरेला के सेक्टर A1-A4 के Pocket-9 में फ्लैट उपलब्ध कराए गए थे। इसके बाद Pocket-6 के फ्लैट भी योजना में शामिल किए गए। DDA ने 21 मई 2026 के सर्कुलर के जरिए Pocket-13 में 1,552 और फ्लैट इस योजना में शामिल किए। इन फ्लैटों की बुकिंग 1 जून 2026 से शुरू हुई थी। इसके अलावा, 18 अगस्त के सर्कुलर में DDA ने नरेला के सेक्टर्स A1-A4 के Pockets 3 और 4 में 1,287 फ्लैट जोड़ने की घोषणा की थी।
फ्लैट लेने से पहले क्या देखें?
फ्लैट बुक करने से पहले केवल कीमत और डिस्काउंट पर ध्यान न दें। सबसे पहले मौके पर जाकर ब्लॉक, फ्लोर, क्षेत्रफल, कैटेगरी और यूनिट नंबर की ठीक से जांच कर लें। इसके साथ आसपास की कनेक्टिविटी, सार्वजनिक परिवहन, स्कूल, अस्पताल, मार्केट और रोजगार के अवसर भी देखें। खासकर अगर आपका रोजाना ऑफिस आना-जाना है तो यात्रा में लगने वाले समय को जरूर ध्यान में रखें।