DLF लॉन्च करेगी सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट The Camellias 2, 40 करोड़ रुपये होगी अपार्टमेंट की कीमत

DLF The Camellias 2: जनवरी-मार्च तिमाही में DLF का नेट प्रॉफिट 61.5 फीसदी की वृद्धि के साथ 921 करोड़ रुपये हो गया है। फर्म ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि कंपनी ने एक साल पहले की समान अवधि में 570 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था

अपडेटेड May 20, 2024 पर 3:14 PM
Story continues below Advertisement
रियल एस्टेट डेवलपर DLF लिमिटेड FY25 की तीसरी तिमाही में सुपर-लक्जरी प्रोजेक्ट लॉन्च करने की तैयारी में है।

रियल एस्टेट डेवलपर DLF लिमिटेड FY25 की तीसरी तिमाही में सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट लॉन्च करने की तैयारी में है। इस प्रोजेक्ट के तहत एक अपार्टमेंट की कीमत 40 करोड़ रुपये होगी। रिपोर्ट के मुताबिक इस प्रोजेक्ट का नाम द कैमेलियास 2 (The Camellias 2) होगा। अपने सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट द कैमेलियास की सफलता के बाद कंपनी इसे गुरुग्राम में डीएलएफ फेज-5 में गोल्फ कोर्स रोड पर लॉन्च करने की योजना बना रही है। डीएलएफ होम डेवलपर्स लिमिटेड के ज्वाइंट एमडी और चीफ बिजनेस ऑफिसर आकाश ओहरी ने मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसकी बिक्री क्षमता 25,000 करोड़ रुपये है।

The Camellias 2 प्रोजेक्ट से जुड़ी डिटेल

ओहरी ने कहा कि कैमेलियास 2 (इसे कंपनी Lux 5 भी कह रही है।) सुपर-लग्जरी रेसिडेंस होगा और यह 'बाय इनविटेशन प्रॉपर्टी' होगी। इसका मतलब है कि खरीदार इस प्रोजेक्ट में केवल इनविटेशन के आधार पर अपार्टमेंट खरीद सकते हैं और डेवलपर यूनिट बेचने से पहले कस्टमर प्रोफाइल की समीक्षा करेगा। कैमेलियास 2 प्रोजेक्ट डीएलएफ फेज-5 में 17 एकड़ प्राइम लैंड पर फैली हुई है और इसका बिक्री योग्य एरिया लगभग 50 लाख वर्ग फीट है।


ओहरी ने मनीकंट्रोल को बताया, "हम वित्तीय वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही में DLF फेज 5 में Lux5 या The Camellias 2 को लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं। इस प्रोजेक्ट में करीब 420 सुपर लग्जरी अपार्टमेंट होंगे। हम इस प्रोजेक्ट को दो से तीन चरणों में लॉन्च और बेचेंगे, जिसका मतलब है कि हम पहले चरण में 50 और दूसरे चरण में कुछ अपार्टमेंट लॉन्च कर सकते हैं।"

उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के तहत और भी अधिक शानदार सुविधाएं और बड़े अपार्टमेंट दिए जाएंगे। इसमें एक फ्लैट की शुरुआती साइज लगभग 9,000 वर्ग फुट होगी जबकि द कैमेलियास में शुरुआती साइज लगभग 7,000 वर्ग फुट है। उन्होंने कहा, "द कैमेलियास 2 के कुछ अपार्टमेंट से झील का नज़ारा दिखेगा और कुछ से अरावली पहाड़ियों का नज़ारा दिखेगा। इन सुपर-लग्जरी रेसिडेंस की कीमतें द मैगनोलियास और द कैमेलियास से काफी ज़्यादा होने की उम्मीद है।"

गोवा प्रोजेक्ट

इसके अलावा, DLF गोवा में अपना एक और “बाय इनविटेशन” प्रोडक्ट लॉन्च करेगी, जहां फर्म पंजिम में मांडवी नदी के सामने 38 एकड़ की पहाड़ी पर 62 सुपर-लग्जरी विला लॉन्च करेगी। DLF अगस्त 2024 में विला प्रोजेक्ट लॉन्च करने की योजना बना रही है। ओहरी ने कहा, “यहां टिकट साइज लगभग 40 करोड़ रुपये से 50 करोड़ रुपये होगा। इस प्रोजेक्ट के लिए एक्सपेक्टेड टॉपलाइन लगभग 2500 करोड़ रुपये है।” पिछले हफ्ते DLF ने बताया कि उसने गुरुग्राम में अपनी नई लग्जरी हाउसिंग प्रोजेक्ट के लॉन्च के तीन दिनों के भीतर सभी 795 अपार्टमेंट 5,590 करोड़ रुपये में बेच दिए।

मार्च तिमाही में DLF का नेट प्रॉफिट 61.5% बढ़ा

जनवरी-मार्च तिमाही में DLF का नेट प्रॉफिट 61.5 फीसदी की वृद्धि के साथ 921 करोड़ रुपये हो गया है। फर्म ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि कंपनी ने एक साल पहले की समान अवधि में 570 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। वित्त वर्ष 2023-24 में DLF का नेट प्रॉफिट 2,733 करोड़ रुपये रहा, जो कि पिछले साल की समान तिमाही की तुलना में 33 फीसदी अधिक है। जनवरी-मार्च तिमाही में DLF का रेवेन्यू भी सालाना आधार पर लगभग 47 फीसदी बढ़कर 2,135 करोड़ रुपये हो गया, जबकि Q4FY23 में यह 1,456 करोड़ रुपये था। फर्म ने कहा कि पूरे वित्त वर्ष 2023-24 में DLF का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 6,958 करोड़ रुपये रहा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।