उद्योगपति और गोदरेज एग्रोवेट (Godrej Agrovet) के चेयरपर्सन नादिर गोदरेज ने मुंबई के मालाबार हिल इलाके में 3 अपार्टमेंट खरीदे हैं। जैपकी (Zapkey) के दस्तावेजों के मुताबिक, यह डील 180 करोड़ रुपये में हुई है। अपार्टमेंट 13,831 वर्ग फुट में फैला है और इसकी बिक्री 1.13 लाख प्रति वर्ग फुट पर हुई। अपार्टमेंट पॉश रूपारेल हाउस कॉम्प्लेक्स में मौजूद है। अपार्टमेंट की बिक्री 1.3 लाख रुपये वर्ग फुट के हिसाब से हुई है। अपार्टमेंट की बिक्री JSW रियल्टी ने की है।
इस संबंध में उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, हर अपार्टमेंट का कार्पेट एरिया 4,610 वर्ग फुट है औ ये अपार्टमेंट छठे, सातवें और आठवें फ्लोर पर हैं। प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री 12 जून को हुई और गोदरेज ने हर अपार्टमेंट के लिए 3.5 करोड़ रुपये की स्टैंप ड्यूटी चुकाई। इस सिलसिले में गोदरेज को भेजे गए सवालों का कोई जवाब नहीं मिला। मालाबार हिल में देश के कुछ सबसे अमीर उद्योगपतियों के घर हैं।
पिछले दो साल में मालाबार हिल समेत साउथ मुंबई के कई माइक्रो-मार्केट में बड़े पैमाने पर रिडवेलपमेंट वर्क हुआ है। सैविल्स इंडिया (Savills India) के मुताबिक, मालाबार हिल के माइक्रो-मार्केट में बड़े डिवेलपर्स बड़े पैमाने पर रीडिवेलपमेंट प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। जानेमाने निवेशक स्वर्गीय राकेश झुनझुनवाला की पत्नी रेखा झुनझुनवाला ने मार्च में एक बिल्डिंग की तकरीबन सभी यूनिट खरीद ली थी, ताकि मालाबार स्थित उनके घर से अरब सागर दिखने में किसी तरह की बाधा नहीं हो।
कैपिटल मार्केट ट्रेडिंग और इनवेस्टमेंट फर्म परम कैपिटल की डायरेक्टर आशा मुकुल अग्रवाल ने पिछले साल लोधा मालाबार, मुंबई में पिछले साल 263 करोड़ रुपये में 3 अपार्टमेंट को खरीदा था। ये अपार्टमेंट लोधा मालाबार, बालकेश्वर रोड और मालाबार हिल में मौजूद हैं।