Gurugram Rain: जिस इलाके में ₹100 करोड़ में बिका था फ्लैट, वहां सड़कें बनीं तालाब, देखें कैसे 'जलग्राम' में तब्दील हो गया गुरुग्राम

Gurugram Rain: 'मिलेनियम सिटी' नाम से मशहूर गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर DLF के 'द कैमेलियास' में 11,000 वर्ग फुट का एक अपार्टमेंट 100 करोड़ रुपये से अधिक में बिका था। इस सौदे की तुलना नई दिल्ली के पॉश इलाकों से की गई, जो देश की सबसे महंगी संपत्तियों में से एक हैं। अब यह इलाका बारिश की पानी में डूब गया है

अपडेटेड Aug 12, 2024 पर 6:30 PM
Story continues below Advertisement
Gurugram Rain: मूसलाधार बारिश के बाद गुरुग्राम "जलग्राम" में तब्दील हो गया

Gurugram Rain: पिछले साल अक्टूबर में 'मिलेनियम सिटी' नाम से मशहूर गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर डीएलएफ के 'द कैमेलियास (DLF The Camellias)' में 11,000 वर्ग फुट का एक अपार्टमेंट 100 करोड़ रुपये से अधिक में बिका था। इस सौदे की तुलना नई दिल्ली के पॉश इलाकों से की गई, जो देश की सबसे महंगी संपत्तियों में से एक हैं। इसकी चर्चा देशभर में हुई। लेकिन रविवार (11 अगस्त) को रात भर हुई बारिश के बाद सोमवार को उसी पॉश इलाके में कमर तक पानी भर गया था। मूसलाधार बारिश के बाद गुरुग्राम "जलग्राम" में तब्दील हो गया। सोशल मीडिया पर जलभराव वाली सड़कों की तस्वीरें और वीडियो की बाढ़ आ गई, जिन्हें गुरुग्राम के निवासियों ने पोस्ट किया।

रविवार (11 अगस्त) शाम से हो रही मूसलाधार बारिश ने 'मिलेनियम सिटी' को अस्त-व्यस्त कर दिया है। 'द कैमेलियास' में अपार्टमेंट खरीदने वाले अधिकांश घर मालिकों ने 2014 में लॉन्चिंग के समय 18 करोड़ रुपये और हाल के दिनों में 40 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया होगा। इसके अलावा, इंटीरियर करवाने में उन्हें 5 करोड़ रुपये से अधिक खर्च करने पड़े होंगे। ब्रोकर्स के अनुसार, गुरुग्राम में द कैमेलियास के पास की संपत्तियों की कीमत 15 करोड़ रुपये से अधिक है।


लोगों द्वारा आलीशान सुविधाओं पर भारी मात्रा में पैसा खर्च करने के बावजूद, सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कई अन्य इलाकों की तरह गुरुग्राम का गोल्फ कोर्स क्षेत्र भी पूरी तरह से पानी में डूबा हुआ दिखाई दे रहा है। जिला प्रशासन के अनुसार, गुरुग्राम में सुबह 8.30 बजे तक 53 मिमी बारिश हुई, जबकि कुछ क्षेत्रों में 80 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई।

सोशल मीडिया यूजर्स ने अपने पोस्ट में गुरुग्राम नगर निगम, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और डिप्टी कमिश्नर को टैग किया। बेंगलुरू को 2022 में इसी तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा था, जब अरबपतियों को नावों में बचाया गया था।

ट्रैफिक जाम

गुरुग्राम में सड़कों पर पानी भर जाने के कारण कई इलाकों में ट्रैफिक बाधित हुआ। साइबर सिटी की ट्रेफिक पुलिस ने बताया कि बारिश के पानी ने प्रमुख चौराहों और सर्विस लेन को जलमग्न कर दिया है। इस वजह से वाहन फंस गए और यात्रियों को घुटनों तक पानी से गुजरना पड़ा।

गुरुग्राम में रविवार को हुई भारी बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई है। गुरुग्राम-दिल्ली एक्सप्रेसवे और कई अन्य सबवे समेत प्रमुख इलाकों पर इसका बहुत बुरा असर पड़ा है, जिससे यात्रियों का सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है। कुछ इलाकों में 80 मिमी से अधिक बारिश भी दर्ज की गई। शहर के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण यात्रियों को जलभराव वाली सड़कों से गुजरते हुए देखा गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।