Housing Sales: देश के रियल एस्टेट सेक्टर में तेजी देखने को मिल रही है। प्रॉपर्टी के दामों में बढ़ोतरी और ब्याज दरों में इजाफा होने के बावजूद लोग जमकर घर खरीद रहे हैं। जुलाई से सितंबर महीने के दौरान 8 बड़े शहरों में घरों की बिक्री में उछाल या है। सालाना आधार पर 49 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस दौरान 83,220 घरों की बिक्री हुई है। वहीं पिछले साल इसी अवधि में 55,910 घर बिके थे। इस बात की जानकारी PropTiger.com की एक रिपोर्ट से मिली है।
घरों की बिक्री प्री कोविड लेवल को पार कर गई
हाउसिंग ब्रोकरेज फर्म (housing brokerage firm) PropTiger.com ने जुलाई-सितंबर 2022 की तिमाही रिपोर्ट में कहा है कि मौजूदा समय में घरों की बिक्री 2019 की समान तिमाही यानी महामारी से पहले के स्तर को पार कर गई है। PropTiger.com, Housing.com और Makaan.com के ग्रुप चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (Group CFO) विकास वधावन (Vikas Wadhawan) ने कहा है कि रियल एस्टेट इंडस्ट्री महामारी और उसके चलते आई कठिनाइयों से उबर रहा है। वधावन ने कहा कि ब्याज दरों (interest rates) में बढ़ोतरी के बावजूद घरों की बिक्री में कमी नहीं आई है। उन्होंने कहा कि लोग अपना घर लेना चाहते हैं। यही वजह है कि मांग में बढ़ोतरी आई है।
जानिए किस शहर में कितने घर बिके
आंकड़ों के मुताबिक जुलाई-सितंबर तिमाही में मुंबई में 28,800 घरों की बिक्री हुई है। इसके पहले इसी अवधि में 14,160 घर बिके थे, जो कि दोगुना से भी ज्यादा हैं। इसी तरहण पुणे में बिक्री 55 फीसदी बढ़कर 15,700 हो गई, जबकि पिछले साल 10,130 घर बिके थे।
दिल्ली- NCR में 22 फीसदी ज्यादा घर बिके हैं। स सला 5,430 घर बिके हैं। जबकि पिछले साल 4,460 घर बिके थे।
अहमदाबाद में घरों की बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले साल जुलाई-अगस्त के दौरान 5,480 घर बिके थे। इसी अवधि में इस साल 7,880 घर बिके हैं, जो कि 44 फीसदी ज्यादा हैं। वहीं बेंगलुरु में भी घरों की बिक्री में 20 फीसदी का इजाफा हुआ। इस साल 7,890 घर बिके जो कि पिछले साल 6,550 घर बिके थे। हैदराबाद में घरों की बिक्री 35 फीसदी बढ़ी है। इस दौरान 10,570 घर बिके। जबकि पिछले साल 7,810 घर बिके थे।
इन शहरों में घटी घरों की बिक्री
हालांकि, आंकड़ों के मुताबिक चेन्नई और कोलकाता में घरों की बिक्री में 5-5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। चेन्नई में पिछले साल 4,670 घर बिके थे, जो घटकर इस साल 4,420 यूनिट रह गई। कोलकाता में पिछले साल जुलाई से सितंबर तक 2,650 घर बिके थे, लेकिन इस साल 2,530 घर ही बिके हैं।
PropTiger.com और Housing.comकी रिसर्च हेड अंकिता सूद (Ankita Sood) का कहना है कि आने वाले समय में इस सेक्टर में और तेजी देखने को मिल सकती है। कोरोना वायरस महामारी के दौरान घरों की बिक्री पर बुरा असर पड़ा है। हालांकि कोविड मामलों में गिरावट के बीच पिछले साल जुलाई से मांग में सुधार हुआ है।