देश के सात प्रमुख शहरों में इस साल जनवरी-सितंबर के दौरान घरों की बिक्री 87 प्रतिशत बढ़कर 2,72,709 यूनिट्स पर पहुंच गई है। एनारॉक (Anarock) की रिपोर्ट के अनुसार, मजबूत मांग के साथ इस दौरान हुई घरों की बिक्री Covid-19 की शुरुआत से पहले 2019 में हुई कुल बिक्री से ज्यादा है। 2021 की जनवरी-सितंबर में घरों की बिक्री 1,45,651 यूनिट्स की रही थी।
प्रॉपर्टी कंसलटेंट एनारॉक प्रमुख हाउसिंग ब्रोकरेज कंपनियों में से एक है। कंपनी देश के सात प्रमुख शहरों यानी दिल्ली-NCR, मुंबई महानगरीय क्षेत्र (MMR), चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद और पुणे की प्राइमरी बिक्री की निगरानी करती है।
आंकड़ों के अनुसार, इन सात शहरों में घरों की बिक्री इस साल जनवरी-सितंबर के दौरान बढ़कर 2,72,709 यूनिट्स हो गई, जो पिछले साल की इसी पीरियड में 1,45,651 यूनिट्स थी।
इस कैलेंडर ईयर में जनवरी-सितंबर का आंकड़ा पूरे 2019 के दौरान बेची गई 2,61,358 यूनिट्स से ज्यादा है। वहीं, महामारी के कारण लॉकडाउन की वजह से साल 2020 में घरों की बिक्री घटकर 1,38,344 यूनिट्स रह गई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल कम स्टांप ड्यूटी के रूप में महाराष्ट्र समेत कई राज्य सरकारों की तरफ से दिए गए इंसेंटिव से भारत के प्राइमरी हाउसिंग मार्केट में सुधार आया है।
इन वजहों के चलते साल 2021 में घरों की बिक्री बढ़कर 2,36,516 यूनिट्स हो गई और इस साल भी इसमें अच्छी रफ्तार बनी हुई है।
एनारॉक के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली-NCR में रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी की बिक्री जनवरी-सितंबर में दोगुने से ज्यादा होकर 49,138 यूनिट्स हो गई।
एक साल पहले की इसी पीरियड में यह 22,478 यूनिट्स थी। इसके अलावा MMR में बिक्री 48,716 यूनिट्स से 67 प्रतिशत बढ़कर 81,315 यूनिट्स हो गई।