Jawaharlal Nehru historic bungalow : राजधानी दिल्ली ही नहीं बल्कि देश के सबसे वीवीआईपी इलाके लुटियंस जोन में एक बंगला इन दिनों काफी सुर्खियों में है। हाल में इस बंगले को एक बिजनेसमैन ने करीब 1,100 करोड़ में खरीदा है। यह सौदा देश की अब तक की सबसे महंगी प्रॉपर्टी डील बताई जा रही है। बता दें कि यह वही बंगला है, जो कभी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का आधिकारिक घर हुआ करता था।
1,100 करोड़ में हुए डील
बता दें कि लुटियंस दिल्ली के 17 मोतीलाल नेहरू मार्ग (पहले यॉर्क रोड) पर स्थित यह बंगला इस 14,973 वर्ग मीटर (करीब 3.7 एकड़) में फैला है। इस बंगले को अब बेच दिया गया है। राजधानी के बीचों-बीच स्थित यह पॉपर्टी लंबे समय से अपने ऐतिहासिक महत्व और शानदार लोकेशन के कारण खास मानी जाती रही है और अब इसे एक बिजनेसमैन ने खरीद लिया है। मोतीलाल नेहरू मार्ग (पुराना 17 यॉर्क रोड) पर स्थित इस बंगले की शुरुआती कीमत करीब 1,400 करोड़ रुपये रखी गई थी, लेकिन बातचीत के बाद यह डील लगभग 1,100 करोड़ रुपये में पूरी हुई।
यह बंगला लुटियंस बंगलो ज़ोन (LBZ) में स्थित है, जिसे 1912-1930 के बीच ब्रिटिश आर्किटेक्ट एडविन लुटियंस ने डिज़ाइन किया था। यह दिल्ली का सबसे वीआईपी इलाका है। यहां करीब 3000 बंगले हैं, जिनमें से ज्यादातर मंत्रियों, जजों और सीनियर सरकारी अधिकारियों के लिए हैं।
3.7 एकड़ में बना है ये बंगला
बता दें कि दिल्ली के इस हेरिटेज बंगले की मौजूदा मालिक राजकुमारी कक्कड़ और बीना रानी हैं, जो राजस्थानी राजघराने से जुड़ी हुई मानी जाती हैं। करीब 3.7 एकड़ जमीन पर फैली इस प्रॉपर्टी का बना हुआ हिस्सा लगभग 24,000 वर्ग फुट का है। बताया जा रहा है कि इसे खरीदने वाला बेवरेज इंडस्ट्री से जुड़ा भारतीय कारोबारी है, जिसकी पहचान अभी सामने नहीं आई है। इस डील की प्रक्रिया आखिरी स्टेज में है और एक नामी कानूनी फर्म इसके मालिकाना हक को लेकर जांच कर रही है। कुल मिलाकर, यह डील सिर्फ एक संपत्ति का लेन-देन नहीं, बल्कि दिल्ली की ऐतिहासिक धरोहर का हिस्सा भी है, जो अब नए मालिक के नाम हो गया है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।