मुंबई के रियल एस्टेट डिवेलपर ओबेरॉय रियल्टी ने दिल्ली-एनसीआर में एंट्री की है। रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स फर्म CRE मैट्रिक्स के मुताबिक, कंपनी ने हरियाणा के गुरुग्राम में 14.81 एकड़ जमीन खरीदी है। जमीन का सौदा 597 करोड़ रुपये में हुआ है। दस्तावेजों के मुताबिक, यह जमीन गुरुग्राम के सेक्टर 58 में सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर मौजूद है, जहां पर कई लग्जरी रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स मौजूद हैं। कंपनी ने इस सौदे के लिए 33.77 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी चुकाई है।
जमीन का अधिग्रहण नवंबर 2023 में किया था, लेकिन इसका रजिस्ट्रेशन 7 मई 2024 को किया गया था। ओबेरॉय रियल्टी (Oberoi Realty) ने एक कंसोर्शियम से यह जमीन खरीदी थी। इस सिलसिले में खरीदार और बिक्रीकर्ता को भेजे गए सवालों का कोई जवाब नहीं मिला। इस डील के साथ ही दिल्ली-एनसीआर में ओबेरॉय रियल्टी की एंट्री हो गई है। रियल एस्टेट सूत्रों के मुताबिक, कंपनी इस जमीन पर लग्जरी ग्रुप का हाउसिंग प्रोजेक्ट डिवेलप करने की तैयारी में है। इस जमीन को 26 लाख वर्ग फुट तक डिवेलप किए जाने की संभावना है।
रियल्टी डिवेलपर BPTP ग्रुप की सब्सिडियरी कंट्रीवाइड प्रमोटर्स (Countrywide Promoters) ने नवंबर 2023 में गुरुग्राम स्थित द्वारका एक्सप्रेसवे के पास 5.24 एकड़ जमीन 87.27 करोड़ रुपये में खरीदी थी।