RBI Purchase land in Nariman Point Mumbai: मुंबई के नरीमन पॉइंट को देश का सबसे महंगा और प्रीमियम बिजनेस हब माना जाता है। यहां जमीन मिलना लगभग नामुमकिन होता है। अगर कोई सौदा होता है, तो वह चर्चा का विषय अपने आप बन जाता है। यहां भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने यहां 3,472 करोड़ रुपये खर्च करके 4.61 एकड़ जमीन खरीदी है। यह डील न सिर्फ इस साल की सबसे बड़ी जमीन खरीद में से एक है, बल्कि मुंबई की रियल एस्टेट मार्केट के लिए भी बड़ा संकेत है कि नरीमन पॉइंट की चमक आज भी बरकरार है।
यह प्राइम लोकेशन का प्लॉट मंत्रालय, बॉम्बे हाई कोर्ट और कई बड़े कॉर्पोरेट हेडक्वार्टर्स के बेहद करीब है। 1970 के दशक में प्लान किए गए इस इलाके को लंबे समय से मुंबई का पॉवर सेंटर कहा जाता है।
यह जमीन मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MMRCL) ने बेची है। शुरुआत में MMRCL ने इसकी नीलामी ग्लोबल टेंडर से करने की तैयारी की थी, लेकिन जनवरी में जब RBI ने इसमें रुचि दिखाई तो नीलामी रद्द कर दी गई। डील 5 सितंबर को रजिस्टर्ड हुई और इसके लिए RBI ने 208 करोड़ रुपये से ज्यादा की स्टांप ड्यूटी भी दी है।
RBI पहले से ही मुंबई में अपने मिंट रोड हेडक्वार्टर और अन्य प्रॉपर्टीज का मालिक है। लेकिन अब इस नई जमीन के जरिए RBI अपनी मौजूदगी को और मजबूत करना चाहता है।
MMRCL मुंबई में मेट्रो प्रोजेक्ट्स बना रहा है और इसके लिए लगातार फंड जुटा रहा है। इसीलिए वह साउथ और सेंट्रल मुंबई में मौजूद जमीन बेचकर पैसा इकट्ठा कर रहा है। RBI का यह सौदा उसी रणनीति का हिस्सा है।
क्यों खास है नरीमन पॉइंट?
भले ही मुंबई में अब BKC और लोअर परेल जैसे नए बिजनेस हब तेजी से बढ़े हैं, लेकिन प्रॉपर्टी एक्सपर्ट्स का कहना है कि नरीमन पॉइंट की वैल्यू आज भी सबसे ऊपर है।