Supertech Flats: 14 हजार सुपरटेक होमबॉयर्स को अब भी इंतजार! NCLAT ने NBCC से मांगी स्टेटस रिपोर्ट

NCLAT ने सुपरटेक लिमिटेड की 16 रुकी हुई परियोजनाओं में हो रही धीमी प्रगति पर कड़ा संज्ञान लिया है। इन 16 परियोजनाओं में करीब 14,000 होमबॉयर्स पिछले 15-20 सालों से अपने फ्लैट्स का इंतजार कर रहे हैं। ग्रेटर नोएडा (6 प्रोजेक्ट), नोएडा (4 प्रोजेक्ट), गुरुग्राम, मेरठ, रुद्रपुर और बेंगलुरु में ये प्रोजेक्ट हैं

अपडेटेड Sep 02, 2026 पर 12:18 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Supertech Flats: करीब 14,000 होमबॉयर्स पिछले 15-20 सालों से अपने फ्लैट्स का इंतजार कर रहे हैं

Supertech Flats: नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (NCLAT) ने सुपरटेक लिमिटेड के रुके हुए 16 प्रोजेक्ट्स के निर्माण में धीमी प्रगति का संज्ञान लिया है। NCLAT ने प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट (PMC) नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (NBCC) से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। NCLAT ने कोर्ट द्वारा नियुक्त 'एपेक्स कोर्ट कमेटी' को भी निर्देश दिया है कि वह अब तक उठाए गए कदमों के बारे में दो सप्ताह के भीतर जानकारी दे।

यह निर्देश 25 अगस्त को हुई सुनवाई के दौरान दिया गया, जिसमें घर खरीदारों के वकील ने कोर्ट द्वारा नियुक्त कमेटी और NBCC द्वारा प्रोजेक्ट लागू करने की समय-सीमा (टाइमलाइन) का पालन न करने पर चिंता जताई।

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, NCLAT ने सुपरटेक लिमिटेड की 16 रुकी हुई परियोजनाओं में हो रही धीमी प्रगति पर कड़ा संज्ञान लिया है। इन 16 परियोजनाओं में करीब 14,000 होमबॉयर्स पिछले 15-20 सालों से अपने फ्लैट्स का इंतजार कर रहे हैं। ग्रेटर नोएडा (6 प्रोजेक्ट), नोएडा (4 प्रोजेक्ट), गुड़गांव (Hilltown, Araville), मेरठ (Green Village, Sports City), रुद्रपुर (Rivercrest) और बेंगलुरु (Micasa) में ये प्रोजेक्ट हैं।


स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का आदेश

अपीलेट ट्रिब्यूनल ने कहा, "एपेक्स कोर्ट कमेटी को आज से दो सप्ताह के भीतर चल रहे प्रोजेक्ट्स के संबंध में उठाए गए कदमों की स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करनी चाहिए।" इसने NBCC से यह भी बताने को कहा कि 6 मई के आदेश के अनुपालन में निर्माण कार्य के लिए कॉन्ट्रैक्ट देने में क्या प्रगति हुई है। आदेश में NCLAT ने कहा था कि NBCC 31 जुलाई से पहले काम देने की प्रक्रिया शुरू करेगा, उसके बाद एक महीने के भीतर कॉन्ट्रैक्ट देने का काम पूरा करेगा और 1 अक्टूबर से निर्माण कार्य शुरू करेगा।

मार्च 2021 में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) के समक्ष इन्सॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड (IBC) की धारा 7 के तहत सुपरटेक के खिलाफ इन्सॉल्वेंसी की कार्यवाही शुरू की थी। 25 मार्च 2021 को, NCLT ने यह पाते हुए याचिका स्वीकार कर ली कि कंपनी ने 'इकोविलेज II' प्रोजेक्ट के लिए लिए गए 432 करोड़ रुपये के लोन का भुगतान नहीं किया था (डिफॉल्ट किया था)।

लोगों को कई सालों से अपने घर का इंतजार

12 दिसंबर 2024 को, NCLAT ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और कर्नाटक में 49,748 घरों वाले सुपरटेक के रुके हुए 16 प्रोजेक्ट्स के लिए NBCC को लागू करने वाली एजेंसी (इम्प्लीमेंटिंग एजेंसी) के रूप में मंजूरी दी। इसने घर खरीदारों के हितों की रक्षा के लिए प्रोजेक्ट-वार सब-कमेटी के साथ समन्वय में निर्माण, फंड मैनेजमेंट और प्राप्त होने वाली राशि के वितरण की निगरानी के लिए 'एपेक्स कोर्ट कमेटी' का भी गठन किया।

6 मई 2026 को NCLAT ने औपचारिक रूप से सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस कृष्ण मुरारी को इसका चेयरमैन नियुक्त किया। इनमें से छह प्रोजेक्ट स्पोर्ट्स विलेज, इकोविलेज 1, 2, 3, यूपी कंट्री और जार सुइट्स ग्रेटर नोएडा में हैं। जबकि चार प्रोजेक्ट इकोसिटी, रोमानो, केपटाउन और नॉर्थ आई नोएडा में हैं।

बाकी में से दो-दो प्रोजेक्ट गुरुग्राम और मेरठ में हैं। इसके अलावा एक-एक उत्तराखंड और बेंगलुरु में है। ये सभी प्रोजेक्ट 2010 और 2012 के बीच शुरू किए गए थे। लगभग 14,000 घर खरीदार इन प्रोजेक्ट्स में अपने फ्लैट्स का इंतजार लगभग दो दशकों से कर रहे हैं। रोमानो के एक घर खरीदार संतोष सिंह ने कहा, "जब से NBCC ने कंस्ट्रक्शन का काम संभाला है, तब से पिछले 21 महीनों में ज़मीन पर कोई काम नहीं हुआ है।"

39 टावरों में 5,038 फ्लैट्स

इससे पहले, सेक्टर 74 स्थित केपटाउन के अरुण शर्मा ने TOI को बताया कि इस प्रोजेक्ट में 39 टावरों में 5,038 फ्लैट्स हैं, जिनमें से तीन अभी भी अधूरे हैं। शर्मा ने कहा, "डेवलपर ने 4,419 फ्लैट्स सौंप दिए हैं, जबकि लगभग 500 फ्लैट्स अभी सौंपे जाने बाकी हैं। सौंपे गए फ्लैट्स में से लगभग 3,300 का अब तक रजिस्ट्रेशन हो चुका है।"

ये भी पढ़ें- कौन थी दिशा सालियान, मशहूर एक्टर सुशांत सिंह राजपूत से इनका था कैसा कनेक्शन?

NEFOWA के प्रेसिडेंट अभिषेक कुमार ने कहा कि NBCC को जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद लगभग 21 महीने बीत जाने के बावजूद जमीन पर कंस्ट्रक्शन का काम अभी तक शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि शीर्ष समिति के सदस्यों, सपोर्ट स्टाफ, कंसल्टेंट्स और अन्य लोगों पर हर महीने करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। फिलहाल, इस मामले पर NBCC के अधिकारी टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।