UP RERA का तोहफा! 6 जिलों में ₹2,380 करोड़ के 13 रियल एस्टेट प्रोजेक्ट मंजूर, नोएडा-गाजियाबाद और लखनऊ में घर खरीदने का शानदार मौका
Real estate project: उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (UP RERA) ने यूपी के छह जिलों में 2,380 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली 13 रियल एस्टेट प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के तहत कुल 4,724 रेसिडेंशियल और कमर्शियल यूनिट्स का विकास किया जाएगा। जानकारों का कहना है कि गाजियाबाद-नोएडा और लखनऊ में सस्ता घर खरीदने का सुनहरा अवसर है
UP RERA ने ₹2,380 करोड़ के 13 रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है; नोएडा और गाज़ियाबाद में ₹500 करोड़ का निवेश होगा
Real estate project in UP: उत्तर प्रदेश में रियल एस्टेट सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए यूपी रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (UP RERA) ने 13 नई रेजिडेंशियल और कमर्शियल प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं में कुल अनुमानित ₹2,380.04 करोड़ का निवेश होगा। जबकि करीब 4,724 रेजिडेंशियल एवं कमर्शियल यूनिट्स विकसित की जाएंगी। UP RERA की यह मंजूरी उत्तर प्रदेश के रियल एस्टेट सेक्टर के लिए बड़ा कदम है। खास तौर पर बाराबंकी में निवेश और लखनऊ में नई यूनिट्स का आंकड़ा सबसे बड़ा है। जबकि गाजियाबाद और नोएडा क्षेत्र में करीब ₹472 करोड़ के प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है।
किन जिलों में बनेंगे प्रोजेक्ट?
'टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI)' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, UP RERA की मंजूरी पाने वाली ये 13 परियोजनाएं बाराबंकी, लखनऊ, वाराणसी, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर और आगरा में विकसित होंगी। रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी के मुताबिक, इससे आवासीय और व्यावसायिक सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही इससे निर्माण गतिविधियों को गति मिलेगी।
बाराबंकी में सबसे बड़ा निवेश
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, छोटे शहरों में निवेश के लिहाज से यूपी का बाराबंकी सबसे आगे रहा। यहां दो रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है। इनमें कुल ₹751.42 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। इन दोनों प्रोजेक्ट्स के तहत 591 आवासीय यूनिट्स यानी फ्लैट बनाई जाएंगी।
लखनऊ में सबसे ज्यादा यूनिट्स
यूनिट्स की संख्या के मामले में लखनऊ सबसे आगे है। यहां एक रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट के लिए ₹385.76 करोड़ के निवेश को मंजूरी दी गई है। इस प्रोजेक्ट में 1,392 यूनिट्स विकसित की जाएंगी।
वाराणसी में ₹750 करोड़ से ज्यादा का निवेश
वाराणसी में तीन रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है। इनकी अनुमानित लागत ₹750.24 करोड़ है। इनसे 1,189 यूनिट्स विकसित होंगी। निवेश के मामले में वाराणसी दूसरे सबसे बड़े जिलों में शामिल है।
गाजियाबाद में 864 यूनिट्स
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में तीन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें दो कमर्शियल और एक रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट शामिल है। इन पर करीब ₹286.27 करोड़ का निवेश होगा। इससे कुल 864 यूनिट्स विकसित की जाएंगी।
नोएडा क्षेत्र में करीब ₹186 करोड़ के प्रोजेक्ट
गौतमबुद्ध नगर यानी नोएडा में एक रेजिडेंशियल और एक कमर्शियल प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है। इन दोनों परियोजनाओं में करीब ₹186 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। यहां कुल 564 यूनिट्स विकसित की जाएंगी। गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर को मिलाकर निवेश करीब ₹472 करोड़ बैठता है, जिसे कुछ रिपोर्टों में राउंड ऑफ करके करीब ₹500 करोड़ बताया गया है।
आगरा में भी दो प्रोजेक्ट मंजूर
आगरा में दो रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई है। इनमें करीब ₹20.35 करोड़ का निवेश होगा। इस दौरान 124 यूनिट्स फ्लैट तैयार किए जाएंगे।
212वीं और 213वीं बैठक में मिली मंजूरी
इन सभी परियोजनाओं को UP RERA की 212वीं और 213वीं बैठकों में मंजूरी दी गई। इन बैठकों की अध्यक्षता UP RERA के चेयरमैन संजय भूसरेड्डी ने की। अथॉरिटी ने कहा कि रजिस्टर्ड प्रोजेक्ट का विकास तय नियमों और डेडलाइन के भीतर पारदर्शी तरीके से कराना उसकी प्राथमिकता है।
रियल एस्टेट के साथ रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा
UP RERA के मुताबिक, ₹2,380 करोड़ से ज्यादा के इस निवेश से राज्य में निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसका असर केवल रियल एस्टेट तक सीमित नहीं रहेगा। बल्कि निर्माण सामग्री, परिवहन, इंजीनियरिंग और अन्य संबंधित क्षेत्रों में भी मांग बढ़ने की उम्मीद है। प्राधिकरण का कहना है कि इन परियोजनाओं से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।