SBI: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के पूर्व चेयरमैन रजनीश कुमार ने हाल में खुलासा किया है कि बैंक की बैलेंस शीट 50 लाख करोड़ रुपये होने के बाद भी एसबीआई में उनकी सालाना इनकम 28 लाख रुपये थी। हालांकि, उनको 28 लाख रुपये की सालाना सैलरी के साथ कई अन्य फायदे मिलते थे। ये सभी फायदे उन्हें एसबीआई के चेयरमैन के पद पर काम करने के दौरान मिले हैं। इन सभी फायदों में विदेश यात्रा और महंगा बंगला भी शामिल है।
SBI चेयरमैन को मिलता है इतना वेतन
यूट्यूबर राज शमानी के साथ बातचीत के दौरान रजनीश कुमार ने अपने सालाना इनकम और बैंक के हो रहे फायदों के बारे में बातचीत की। रजनीश राज शमानी के पॉडकास्ट में से एक में दिखाई दिए, जो कुछ दिन पहले उनके यूट्यूबर के चैनल पर आया। उन्होंने बैंकिंग सिस्टम, भारतपे कंट्रोवर्सी और अन्य कई टॉपिक पर बातचीत की। इस बातचीत के दौरान रजनीश कुमार ने राज शमानी से कहा कि एसबीआई की बैलेंस शीट 50 लाख करोड़ रुपये है और उस हिसाब से चेयरमैन को मिलने वाला वेतन कम है।
नौकरी के दौरान सैलरी से अलग ये मिलते हैं फायदे
नौकरी के दौरान मिलने वाले फायदों के लेकर उन्होंने कहा कि बैंक की ओर से चेयरमैन को 30-40 लाख रुपये की कार दी जाती है। मेडिकल इंश्योरेंस, हॉलिडे और फॉरेन ट्रिप्स जैसे फायदे मिलते थे। इसके अलावा मुंबई के मालाबार हिल्स में एक शानदार बंगला भी दिया जाता था। रजनीश कुमार के मुताबिक अगर कोई उस बंगले का किराया देता है तो उसे महीने में 2 से 2.5 करोड़ रुपये खर्च करने होते।
अब SBI चेयरमैन को इतना मिलता है वेतन
एसबीआई की हालिया वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक एसबीआई के मौजूदा चेयरमैन दिनेश कुमार खारा की सालाना सैलरी 37 लाख रुपये हो गई है। ये पिछले वित्त वर्ष से 7.5 फीसदी ज्यादा है। दिनेश कुमार खारा की सालाना सैलरी में 27 लाख रुपये की बेसिक सैलरी और 9.99 लाख रुपये का महंगाई भत्ता (Dearness Allownace -DA) शामिल है।
प्राइवेट सेक्टर बैंक एमडी को मिला इतना वेतन
अगर प्राइवेट सेक्टर में बैंक सीईओ या चेयरमैन को मिल रहे वेतन से इसकी तुलना की जाए तो ये काफी कम है। बैंक की FY22 की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार एक्सिस बैंक के एमडी और सीईओ अमिताभ चौधरी ने वेतन के रूप में कुल 7.62 करोड़ रुपये कमाए। एचडीएफसी बैंक के सीईओ और एमडी शशिधर जगदीशन को बैंक से 6.51 करोड़ रुपये का सालाना कंपनसेशन मिला। ये बैंक की FY22 के सालाना रिपोर्ट में बताया गया है। इसी तरह आईसीआईसीआई बैंक के सीईओ संदीप बख्शी को 2022 में सालाना वेतन के रूप में 7.08 करोड़ रुपये मिले।