RBI FRSB: क्या होते है RBI फ्लोटिंग रेट सेविंग्स बॉन्ड्स? खरीदने का पूरा प्रोसेस जानिए
RBI Floating Rate Savings Bonds: आरबीआई फ्लोटिंग रेट सेविंग्स बॉन्ड्स भारत सरकार द्वारा समर्थित एक 100% सेफ निवेश ऑप्शन हैं, जो निवेशकों को सॉवरेन गारंटी के साथ निश्चित और नियमित आय का भरोसा देते हैं। इन बॉन्ड्स की परिपक्वता अवधि 7 वर्ष की होती है और इनमें न्यूनतम ₹1,000 से निवेश शुरू किया जा सकता है। जानिए पूरी डिटेल्स
इन बॉन्ड्स की परिपक्वता अवधि 7 वर्ष की होती है और इनमें न्यूनतम ₹1,000 से निवेश शुरू किया जा सकता है
RBI Floating Rate Savings Bonds: सुरक्षित निवेश और गारंटीड रिटर्न की चाह रखने वाले निवेशकों के लिए आरबीआई के फ्लोटिंग रेट सेविंग्स बॉन्ड्स (RBI FRSB) एक जबरदस्त विकल्प हैं। लेकिन अक्सर कई निवेशकों को इन्हें ऑफलाइन खरीदने में परेशानी आती है बैंक ब्रांच जाने पर कर्मचारी यह कहकर लौटा देते हैं कि वे ये बॉन्ड नहीं बेचते। जानिए कितना सेफ और फायदेमंद है निवेश का ये फॉर्मूला और कैसे खरीद सकते हैं ये।
पहले जानिए क्या होते है RBI Floating Rate Savings Bonds?
आरबीआई फ्लोटिंग रेट सेविंग्स बॉन्ड्स भारत सरकार द्वारा समर्थित एक 100% सुरक्षित निवेश विकल्प हैं, जो निवेशकों को सॉवरेन गारंटी के साथ निश्चित और नियमित आय का भरोसा देते हैं। इन बॉन्ड्स की परिपक्वता अवधि 7 वर्ष की होती है और इनमें न्यूनतम ₹1,000 से निवेश शुरू किया जा सकता है, जबकि अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है।
इनकी सबसे बड़ी खासियत इनकी बदलती ब्याज दर है, जो राष्ट्रीय बचत प्रमाण पत्र (NSC) की दर से 0.35% अधिक रखी जाती है और हर 6 में रीसेट होती है, जिसका पेमेंट निवेशकों को अर्धवार्षिक आधार पर सीधे उनके बैंक खाते में किया जाता है। वैसे इन बॉन्ड्स को न तो किसी अन्य व्यक्ति को ट्रांसफर किया जा सकता है और न ही इन पर बैंक से लोन लिया जा सकता है, जिससे यह दीर्घकालिक और सुरक्षित रेगुलर इनकम चाहने वाले निवेशकों के लिए एक बेहतरीन विकल्प बन जाता है।
ऑफलाइन RBI बॉन्ड कहां और कैसे खरीदें?
हर बैंक या हर ब्रांच में नहीं मिलते ये बॉन्ड: आरबीआई ने इन बॉन्ड्स को जारी करने के लिए बड़े सरकारी और प्राइवेट बैंकों को अधिकृत जरूर किया है, लेकिन सभी बैंक ब्रांचों को इसके लिए डेजिग्नेटेड नहीं बनाया गया है।
अधिकृत सरकारी बैंक: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, और यूको बैंक आदि।
अधिकृत प्राइवेट बैंक: एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, और आईडीबीआई बैंक आदि।
अन्य संस्थान: आप स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया की अधिकृत शाखाओं से भी ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अगर आपकी नजदीकी ब्रांच फॉर्म लेने से मना करती है, तो आप बैंक कर्मचारियों से उनकी उस डेजिग्नेटेड मुख्य शाखा का पता पूछ सकते हैं जहां ये फॉर्म जमा होते हैं।
क्या उस बैंक में खाता होना जरूरी है?
बिल्कुल नहीं, आप जिस बैंक की डेजिग्नेटेड ब्रांच में बॉन्ड के लिए आवेदन कर रहे हैं, जरूरी नहीं कि आपका खाता उसी बैंक में हो। आप किसी भी बैंक के जरिए आवेदन कर सकते हैं, बस आपको फॉर्म में उस बैंक अकाउंट की डिटेल देनी होगी जिसमें आप हर 6 महीने पर मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी का पैसा पाना चाहते हैं।
ये है जरूरी दस्तावेज
फिजिकल एप्लीकेशन फॉर्म के साथ आपको ये बेसिक केवाईसी दस्तावेज जमा करने होंगे:
भरा हुआ फिजिकल एप्लीकेशन फॉर्म
पैन कार्ड की कॉपी
पहचान का प्रमाण: आधार/पासपोर्ट/वोटर ID
एड्रेस का प्रमाण
बैंक अकाउंट डिटेल
पेमेंट कैसे करें?
आप ऑफलाइन आवेदन के साथ पेमेंट करने के लिए नीचे दिए गए तरीकों का इस्तेमाल कर सकते हैं:
चेक / डिमांड ड्राफ्ट / पे ऑर्डर: आप बैंक के नाम का चेक या डीडी बनाकर आवेदन के साथ जमा कर सकते हैं।
कैश: कैश में पेमेंट स्वीकार किया जाता है, लेकिन ₹20,000 से अधिक की राशि कैश में स्वीकार नहीं की जाएगी।
RTGS / NEFT: आप बैंक से अकाउंट डिटेल्स लेकर फंड ट्रांसफर के माध्यम से भी भुगतान कर सकते हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।