RBI ने बदल दिए ATM से कैश निकासी के नियम! फ्री ट्रांजैक्शन से लेकर चार्ज लिमिट तक, जानें जेब पर क्या होगा असर

RBI New ATM Rules: भारतीय रिजर्व बैंक ने एटीएम और PoS टर्मिनल्स से कैश निकासी के नियमों को इंटीग्रेट कर तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। नए निर्देशों के तहत फ्री लिमिट के बाद बैंक अधिकतम ₹23 प्रति ट्रांजैक्शन शुल्क ले सकेंगे, जबकि फेल्ड ट्रांजैक्शन पर कोई चार्ज नहीं कटेगा। जानें क्या-क्या बदला

अपडेटेड Nov 29, 2026 पर 10:04 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अगर कोई ग्राहक मेट्रो और नॉन-मेट्रो दोनों केंद्रों के एटीएम का उपयोग करता है, तो भी कुल फ्री ट्रांजैक्शन प्रति माह 5 ही रहेंगे

RBI New ATM Rules: भारतीय रिजर्व बैंक ने ATM और PoS टर्मिनल्स के जरिए होने वाली कैश निकासी से जुड़े नियमों को इंटीग्रेट कर दिया है। RBI ने 27 नवंबर को नए डायरेक्शंस 2026 जारी किए, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। इन निर्देशों ने 2008 से 2022 के बीच जारी 17 पुराने सर्कुलर की जगह ली है, जिससे ट्रांजैक्शन चार्ज, फ्री लिमिट और फेल्ड ट्रांजैक्शन पर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है।

फ्री ATM ट्रांजैक्शन की लिमिट क्या है?

आरबीआई ने सेविंग्स बैंक अकाउंट धारकों के लिए मौजूदा फ्री ATM ट्रांजैक्शन की सीमा को बरकरार रखा है। ग्राहक हर महीने अपने बैंक के एटीएम पर 5 फ्री ट्रांजैक्शन कर सकते हैं। इसमें वित्तीय और गैर-वित्तीय दोनों तरह के ट्रांजैक्शन शामिल हैं।


मेट्रो शहरों में दूसरे बैंक के ATM पर प्रति माह 3 फ्री ट्रांजैक्शन मिलेंगे। आरबीआई ने मुंबई, नई दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद को मेट्रो सेंटर की श्रेणी में रखा है। वहीं नॉन-मेट्रो शहरों में दूसरे बैंक के ATM पर प्रति माह 5 फ्री ट्रांजैक्शन मिलेंगे। उपरोक्त छह शहरों के अलावा अन्य सभी स्थान नॉन-मेट्रो श्रेणी में आते हैं।

अगर कोई ग्राहक मेट्रो और नॉन-मेट्रो दोनों केंद्रों के एटीएम का उपयोग करता है, तो भी कुल फ्री ट्रांजैक्शन प्रति माह 5 ही रहेंगे। बैंक चाहें तो अपनी ओर से ग्राहकों को इससे अधिक फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा दे सकते हैं।

फ्री लिमिट खत्म होने के बाद कितना लगेगा चार्ज?

निर्धारित फ्री एटीएम ट्रांजैक्शन की सीमा पार करने पर बैंक प्रति ट्रांजैक्शन अधिकतम ₹23 और लागू टैक्स वसूल सकते हैं। इसके लिए बैंकों को बोर्ड से मंजूर नीति बनानी होगी। आरबीआई ने बैंकों को निर्देश दिया है कि वे एक ऐसी व्यवस्था लागू करें जिससे ग्राहकों को पता चल सके कि उन्होंने महीने में कितने फ्री ट्रांजैक्शन इस्तेमाल कर लिए हैं और अगले ट्रांजैक्शन पर कितना शुल्क लगेगा।

दूसरे बैंक के ATM से कैश निकालने की लिमिट क्या है?

दूसरे बैंकों के एटीएम पर प्रति ट्रांजैक्शन अधिकतम ₹10,000 की कैश निकासी सीमा तय की गई है। वहीं बैंकों को एटीएम पर स्क्रीन संदेश, स्टिकर या पोस्टर के जरिए यह स्पष्ट रूप से दिखाना होगा कि वह एटीएम मेट्रो सेंटर में है या नॉन-मेट्रो सेंटर में, ताकि फ्री लिमिट को लेकर कोई विवाद न हो।

क्या फेल्ड ATM ट्रांजैक्शन फ्री लिमिट में गिने जाएंगे?

नहीं, आरबीआई ने स्पष्ट किया है कि कुछ विशेष कारणों से विफल होने वाले एटीएम ट्रांजैक्शन को वैध ट्रांजैक्शन नहीं माना जाएगा और न ही उन पर कोई शुल्क लगेगा:

  • एटीएम हार्डवेयर या सॉफ्टवेयर से जुड़ी तकनीकी समस्या।
  • कम्युनिकेशन से जुड़ी दिक्कतें।
  • एटीएम में कैश उपलब्ध न होना।
  • बैंक या सर्विस प्रोवाइडर की ओर से होने वाली अस्वीकृति।
  • गलत PIN या वैलिडेशन से जुड़ी समस्याएं।

क्या बिना खरीदारी किए PoS मशीन से कैश निकाल सकते हैं?

जी हां, आरबीआई के नए निर्देशों के तहत ग्राहक योग्य मर्चेंट आउटलेट्स पर डेबिट कार्ड, फुल-KYC प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट्स (PPI) और UPI के जरिए PoS टर्मिनल से कैश निकाल सकते हैं।

प्रति ट्रांजैक्शन अधिकतम निकासी ₹2,000 और सभी स्थानों पर कुल मासिक निकासी सीमा ₹10,000 तय की गई है। साथ ही अगर कोई शुल्क लिया जाता है, तो वह ट्रांजैक्शन राशि का अधिकतम 1% हो सकता है। इस सुविधा के लिए किसी सामान या सेवा की खरीदारी करना जरूरी नहीं है। यदि खरीदारी के साथ कैश निकाला जाता है, तो रसीद पर कैश निकासी की राशि अलग से दर्ज होनी चाहिए।

ग्राहकों के लिए अन्य प्रमुख बदलाव

बैंकों को एटीएम पर अधिकतम कैश निकासी सीमा, फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या और लागू शुल्कों की जानकारी अंग्रेजी, हिंदी और स्थानीय भाषा में प्रदर्शित करनी होगी। नए नियमों में UPI ऑथराइजेशन के जरिए इंटरऑपरेबल कार्डलेस कैश निकासी का प्रावधान भी शामिल है, जिसका निपटान नेशनल फाइनेंशियल स्विच या एटीएम नेटवर्क के माध्यम से होगा। वहीं, फेल्ड एटीएम ट्रांजैक्शन से जुड़े विवादों का निपटारा जारीकर्ता बैंक और अधिग्रहणकर्ता बैंक एटीएम नेटवर्क के जरिए करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।